बाल मेले में स्वच्छ व सुंदर स्टाल लगाने वाली छात्राएं पुरस्कृत
संवादसूत्र पलियाकलां (लखीमपुर) जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में बाल महोत्सव का आयोजन किया गया।
लखीमपुर: जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में बाल महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आशीष कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बाल प्रतिभाएं पल्लवित व पुष्पित होती हैं तथा बच्चे आत्मप्रेरित होते हैं। उनमें कुछ अच्छा करने की इच्छाशक्ति का जन्म होता है। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं के जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। छात्राएं विश्व की तमाम संभावनाओं से परिचित होती हैं। प्रधानाचार्य कृष्ण अवतार भाटी ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्राओं को अवश्य ही सक्षम व समृद्ध बनने का मार्ग दिखाएगा। नगर की प्रमुख समाज सेविका गीतांजलि अग्रवाल ने कहा कि आज का कार्यक्रम बड़ा ही सफल कार्यक्रम है। बच्चों ने अपने हुनर का बखूबी प्रयोग किया है। इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न स्टाल भी लगाए। स्वच्छ व उत्तम स्टाल लगाने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर अपर्णा पांडेय, वर्षा गुप्ता, सुधा मिश्रा, हेमा दीक्षित, अर्चना शुक्ला, लक्ष्मी जायसवाल, हिना बेगम, आकृति गुप्ता, मधु पांडेय, अखिलेश वर्मा, अशोक वाजपेयी, प्रशांत चौहान सहित विद्यालय की तमाम छात्राएं उपस्थित रहीं।