बाढ़ प्रभावित गांवों से पलायन कर रहे ग्रामीण
जिले के खड्डा व सेवरही तहसील क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वाल्मीकि नगर बैराज से गुरुवार की रात तक छोड़े गए 4.12 लाख क्यूसेक पानी के बाद दियारा क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में नारायणी नदी ने अपनी चपेट में ले लिया है। बाढ़ प्रभावित गांवों के लोग स्वजनों के साथ मवेशियों को सुरक्षित करने में जुटे रहे।
कुशीनगर: जिले के खड्डा व सेवरही तहसील क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वाल्मीकि नगर बैराज से गुरुवार की रात तक छोड़े गए 4.12 लाख क्यूसेक पानी के बाद दियारा क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में नारायणी नदी ने अपनी चपेट में ले लिया है। बाढ़ प्रभावित गांवों के लोग स्वजनों के साथ मवेशियों को सुरक्षित करने में जुटे रहे। बंधों पर शरण ले रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को डिस्चार्ज में कुछ कमी तो आई, लेकिन लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुईं।
पनियहवा रेलवे स्टेशन तथा हनुमानगंज थाने के बीच बने रेलवे ट्रैक के अंडर पास के बंद होने की वजह से पानी तेजी से आसपास के घरों में पहुंच रहा है। बाढ़ के पानी से खड्डा क्षेत्र के गांव मरिचहवा, शाहपुर ,हरिहरपुर , शिवपुर ,बसन्तपुर, बालगोविन्द छपरा , विन्ध्याचलपुर, महदेवा व सालिकपुर गांवों की लगभग 20 हजार आबादी प्रभावित है। लोगों के लिए भोजन व पशुओं के चारा का बंदोबस्त करना मुश्किल हो गया है। सेवरही तहसील क्षेत्र के अमवाखास व एपी बांध के जर्जर स्थानों पर नदी का दबाव लगातार बना हुआ है। विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने खड्डा मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश तिवारी के साथ सालिकपुर, महदेवा बाढ़ पीड़ितों से मिलकर हाल जाना। अधिकारियों को बचाव व राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। पिपराघाट में नारायणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान 76.20 मीटर से 25 सेमी नीचे है। जलस्तर बढ़ने से पिपराघाट के 13 टोलों के छह टोलों देवनारायण टोला, उपाध्याय टोला, शिव टोला, मोतीराय टोला, नरवाटोला व जोगिनी टोला में पानी घुस गया। मुख्य अभियंता गंडक आलोक कुमार जैन ने नरवाजोत पिपराघाट मार्ग, एपी बांध के जंगली पट्टी, बाघाचौर व अहिरौलीदान में संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। महदेवा व सालिकपुर गांव में एसडीएम खड्डा अरविन्द कुमार ने तहसीलदार एसके राय व नायब तहसीलदार रवि कुमार यादव के साथ बाढ़ पीड़ितों में तिरपाल व भोजन के पैकेट की व्यवस्था कराई। गांव सोहगीवरवा निवासी युवक तबारक पुत्र मुस्तफा अंसारी सड़क पकड़ कर अपना खेत देखने जंगल की ओर जा रहा था कि गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला।