्रआश्रय स्थल पर इंतजाम नहीं, ठिठुर रहे गोवंश
विशुनपुरा विकास खंड के खजुरिया गांव के नोनिया टोली में बनाए गए बेसहारा पशु आश्रय स्थल में रखे गए गोवंश ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। ठंड से बचाव का कोई इंतजाम नहीं दिख रहा।
कुशीनगर: विशुनपुरा विकास खंड के खजुरिया गांव के नोनिया टोली में बनाए गए बेसहारा पशु आश्रय स्थल में रखे गए गोवंश ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। ठंड से बचाव का कोई इंतजाम नहीं दिख रहा।
यहां 25 गोवंशीय पशुओं की देखभाल के लिए सफाई कर्मचारी प्रमोद, जितेंद्र, रामबदन, विरेन्द्र आदि तैनात किए गए हैं। टीनशेड के नीचे चारों तरफ से ठंडी हवा की मार पशु झेल रहे हैं। ठंड से निजात के लिए गोवंशीय पशुओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि हम लोगों के ठहरने के लिए आवास नहीं है, पशुओं को नहलाने के लिए न मोटर की व्यवस्था हुई न प्रकाश की। हरा चारा की भी व्यवस्था जिम्मेदार नहीं कर रहे। पशुधन प्रसार अधिकारी आशिक अली ने कहा कि गोवंशीय पशुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है। ठंड से बचाव के लिए प्रधानों को बोरा, टाटपट्टी और पुआल का इंतजाम कराने का निर्देश दिया गया है।
दुदही विकास खंड के पृथ्वीपुर गांव में बनाए गए बेसहारा पशु आश्रय स्थल पर दो पशु बीमार थे। उनका चिकित्सक ने इलाज कराया । बीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी मुंजेश नारायण सिंह की तलाश की, नहीं मिले तो ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार को पशुपालन विभाग के लोगों के साथ आश्रय स्थल पर भेजा। उन्होंने भूखंड में चारा की बोआई कराई। प्रधान संघ अध्यक्ष विनोद कुशवाहा मौजूद रहे।