ट्रैक्टर पर हाईटेंशन तार गिरने से चालक झुलसा, गंभीर
ग्राम पकड़ी गोसाई में शुक्रवार की सुबह खेत की जोताई कर रहे ट्रैक्टर पर 11 हजार वोल्टेज का हाईटेंशन तार गिर जाने से करंट प्रवाहित होने से ट्रैक्टर में आग लग गई। घटना में 45 वर्षीय चालक झुलस गया।
कुशीनगर : तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी गोसाई में शुक्रवार की सुबह खेत की जोताई कर रहे ट्रैक्टर पर 11 हजार वोल्टेज का हाईटेंशन तार गिर जाने से करंट प्रवाहित होने से ट्रैक्टर में आग लग गई। घटना में 45 वर्षीय चालक झुलस गया। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी भूलन ¨सह अपने ट्रैक्टर से ग्रामीण राजबहादुर राय का खेत जोत रहे थे। खेत से होकर हाईटेंशन लाइन गुजरती है। विद्युत विभाग द्वारा पोल पर लकड़ी का डंडा बांध कर तार ले जाया गया है। लकड़ी का डंडा सड़ गया था और अचानक तार टूट कर ट्रैक्टर पर गिर पड़ा। घटना के समय विद्युत प्रवाह जारी होने के कारण ट्रैक्टर के छज्जे में आग लग गई और करंट उतरने से एक पिछला पहिया और दोनों अगला पहिया झुलस कर फट गए। चालक भी झुलस गया। मौके पर मौजूद व्यक्ति के शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे, तब तक आपूर्ति बंद हो गई थी। प्रधान देवेंद्र प्रताप ¨सह ग्रामीणों के सहयोग से घायल को जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक बताई जा रही है।