लॉकडाउन में फंसे रामलीला कलाकार
बिहार प्रांत के सीतामढ़ी प्रखंड के थाना चोरत के रामलीला मंडली के 14 कलाकार लॉकडाउन के चलते फंसे हुए हैं।
कुशीनगर : नेबुआ नौरंगिया थाने के नरहरिया गांव में बिहार प्रांत के सीतामढ़ी प्रखंड के थाना चोरत के रामलीला मंडली के 14 कलाकार लॉकडाउन के चलते फंसे हुए हैं। मंडली के संचालक राम इकबाल शरण ने बताया है कि 13 से 23 मार्च तक गांव में रामलीला का मंचन किया गया। 24 मार्च को घर जाना था, तब तक लॉकडाउन की घोषणा हो गई। तब से नरहरिया गांव में फंसे हुए हैं। गांव के लोग चावल सब्जी दे रहे हैं, रामलीला मंचन में जो कमाई हुई थी उसी से खर्च चला रहे थे। अब पैसा भी समाप्त हो गया है, कोई जिम्मेदार पूछने वाला नहीं है। मंडली में चार 10 वर्ष के बाल कलाकार हैं, वे घर जाने के लिए रो रहे हैं। शासन के निर्देश पर घर-घर से राशन व पैसा पहुंचाया जा रहा है, हम लोगों को कोई पूछने वाला नहीं है। रामइकबाल ने सांसद विजय कुमार दूबे, विधायक जटाशंकर त्रिपाठी एवं कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य से मंडली के कलाकारों को घर भिजवाने की मांग की।