बूथों को मजबूत करें गठबंधन दलों के कार्यकर्ता: नथुनी
नगर छावनी मोहल्ले में बैठक को संबोधित करते हुए सपा बसपा व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी नथुनी कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ता आपस में तालमेल बना कर बूथों को मजबूत करें।
कुशीनगर : नगर छावनी मोहल्ले में बैठक को संबोधित करते हुए सपा, बसपा व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी नथुनी कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ता आपस में तालमेल बना कर बूथों को मजबूत करें। पार्टी की नीतियों को बता युवाओं को अपने साथ जोड़ें, सार्थक परिणाम आएगा। कहा कि भाजपा व कांग्रेस की नीतियों से जनता ऊब चुकी है, गठबंधन दलों की सरकार में ही आमजन का भला होगा। एमएलसी रामअवध यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा मुखिया मायावती व रालोद मुखिया चौधरी अजीत सिंह ने जनभावनाओं को देखते हुए लोकसभा चुनाव में गठबंधन किया है। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ लगें और गठबंधन के उद्देश्य को पूरा करें। कहा कि केंद्र में 10 वर्ष यूपीए व पांच वर्ष भाजपा की सरकार रही है। किसी भी सरकार ने गरीबों और किसानों के लिए कुछ नहीं किया। प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो आमजन खुशहाल थे। समय से गन्ना गिर जाता था और किसानों को भुगतान भी मिल जाता था। आज किसान पर्ची के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। इस दौरान विश्वनाथ कुशवाहा, शेषनाथ, बजरंगी यादव, मुकेश, अंबुज, ताराचंद्र, चंदन, जनार्दन, सत्यपाल आदि मौजूद रहे।