संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मृत्यु, हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार गांव के विशाल की 25 वर्षीय पत्नी मोनी उर्फ रानी रोज की भांति भोजन के बाद कमरे में सोने चली गई थी। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्वजन अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि मृत्यु हो गई।
कुशीनगर: कप्तानगंज थानाक्षेत्र के गांव तुर्कहां में गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मृत्यु हो गई। मृतका के पिता ने दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव के विशाल की 25 वर्षीय पत्नी मोनी उर्फ रानी रोज की भांति भोजन के बाद कमरे में सोने चली गई थी। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्वजन अस्पताल ले जाने की तैयारी में थे कि मृत्यु हो गई। खबर पूरे गांव में फैल गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस व मृतका के पिता अक्षयबर निवासी दिउलिया मनिया छपरा थाना रामकोला को दी। कुछ ही देर में पुलिस आ गई। इससे पहले ससुराल के लोग घर छोड़ फरार हो चुके थे। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। देर रात बेटी के घर पहुंचे पिता ने ससुराल के लोगों पर दहेज में पल्सर मोटरसाइकिल न देने के बदले बेटी के उत्पीड़न का आरोप लगाया। बताया कि जून में ही उन्होंने धूमधाम से बेटी की शादी की थी। एसएचओ सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
सड़क दुर्घटना में युवक की मृत्यु, एक गंभीर
कुशीनगर : कसया थानाक्षेत्र के मछरिया पुल के समीप अहिरौली राजा-बाड़ीपुल मार्ग पर गुरुवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे को मेडिकल कालेज गोरखपुर भेजा गया।
थानाक्षेत्र के गांव सेमराधूसी निवासी 19 वर्षीय बंधन चौहान व 20 वर्षीय अतिद्र चौहान पास के गांव में मेला देखने गए थे। रात लगभग 12 बजे बाइक से घर लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने अतिद्र को मृत घोषित कर दिया। बंधन की भी हालत मेडिकल कालेज गोरखपुर में गंभीर बनी हुई है।