35 वर्षों से बंद है खाद-बीज गोदाम
कुशीनगर क्षेत्र के अधिकतर किसान रबी फसलों की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं लेकिन त
कुशीनगर : क्षेत्र के अधिकतर किसान रबी फसलों की बोआई की तैयारी में जुट गए हैं, लेकिन तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवा राजापाकड़ के सीताराम चौराहे पर 35 वर्ष पूर्व स्थापित बीज वितरण केंद्र व खाद गोदाम अब भी बंद पड़ा है।
कृषि बाहुल्य इस इलाके के लोगों को खाद-बीज के लिए दूसरे केंद्रों पर भटकना पड़ता है। शिकायत के बावजूद जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। इसकी वजह से उनकी दिक्कत प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इसकी स्थापना वर्ष 1982-83 में हुई थी। शुरू के दो वर्षो में दो बार यहां खाद का वितरण किया गया। तीसरी बार जब खाद वितरित किया जा रहा था तो ग्रामीणों ने वितरक पर नकली खाद बेचे जाने का आरोप लगाया। इसके बाद जांच को लेकर वितरण पर रोक लगा दी गयी, तबसे अब तक यहां खाद-बीज का वितरण संभव नहीं हो सका। किसान कहते हैं कि शिकायत करने पर कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कोई माकूल जवाब नहीं देते हैं।
कहते हैं किसान
प्रधान बैरिस्टर प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता, पूर्व प्रधान रामनरेश लाल श्रीवास्तव, ओमप्रकाश जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, भुआल गोंड, हारुन अंसारी, रामनाथ गुप्ता ने कहा कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई सार्थक परिणाम नहीं मिला। किसानों का मानना है कि अगर यह गोदाम चालू हो जाता तो किसानों को खाद-बीज के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
मामला संज्ञान में नहीं है। इसके बारे में पता करवाता हूं कि किन कारणों से बीज वितरण केंद्र बंद है। इसके लिए जो भी प्रयास होगा किया जाएगा। किसानों की इस समस्या को शीघ्र दूर करने का प्रयास होगा।
प्यारेलाल, जिला कृषि अधिकारी