मनिया नाला बाधित, फसलें हुईं बर्बाद
जागरण संवाददाता मंसाछापर कुशीनगर विकास खंड विशुनपुरा के हिरनहीं गांव में मनिया नाल
जागरण संवाददाता, मंसाछापर, कुशीनगर: विकास खंड विशुनपुरा के हिरनहीं गांव में मनिया नाला बाधित होने से खेतों से बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है। इससे खेतों में सौ एकड़ से अधिक धान व गन्ने की फसल बर्बाद हो गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पूर्व प्रधान राघव शरण मिश्र समेत पांच दर्जन लोगों के हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र के माध्यम से डीएम को बताया गया कि हिरनहीं व पर्वत छपरा गांव के बीच से मनिया नाला निकला हुआ है। अगल-बगल के खेतों से बारिश का पानी नाला से होकर बांसी नदी में चला जाता है। इस मनिया नाला पानी से भरा हुआ है, इस वजह से खेतों में जलभराव हो गया है। डूबने से फसलें बर्बाद हो गई हैं। गांव के इद्रिश अंसारी, लाल मुहम्मद अंसारी, हीरा वर्मा, हरेश्वर मिश्रा, रामेश्वर शुक्ला, बनवारी शाह आदि ने शीघ्र नाले की जलनिकासी व्यवस्था न कराए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।