कुशीनगर में महाशिवरात्रि पर रहे सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कुशीनगर के प्राचीन कुबेरधाम व करहिया शिव मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डटे रहे पुलिस अफसर।
कुशीनगर: महाशिवरात्रि का पर्व गुरुवार को सकुशल संपन्न हो गया। प्राचीन कुबेरधाम व करहिया शिव मंदिर में आधी रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। शिवभक्तों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस अफसर आधी रात से ही प्रमुख मंदिर व मेला स्थलों पर मुस्तैद रहे। पीएसी के जवान भी तैनात रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक एपी सिंह चार बजे भोर से ही मंदिर परिसर में डटे रहे। मंदिर के मुख्य पुजारी राजकुमार गिरी का कहना है कि मेले में आए करीब डेढ़ लाख शिवभक्तों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। परिसर में अस्थायी खोया-पाया केंद्र, अग्निशमन टीम, यातायात पुलिस, एंबुलेंस व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
मंदिर की व्यवस्था में थानाध्यक्ष उमेश कुमार, महिला थानाध्यक्ष त्रिलोत्मा तिवारी, थानाध्यक्ष सेवरही महेंद्र चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष विशुनपुरा संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक तुर्कपट्टी जितेंद्र कुमार सिंह सहित पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
पडरौना नगर से सटे सिधुआ धाम, करहिया धाम, लमूहा शिव मंदिर, खड्डा स्थित पथलहवा शिव मंदिर, रामकोला स्थित अमवा मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ भोर से ही बनी रही। मंदिर में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही।
ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय का मनाया स्थापना दिवस
प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग प्रशिक्षण केंद्र की फाजिलनगर शाखा में गुरुवार को विश्वविद्यालय का 85 वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ।
राजयोग केंद्र की संचालक बीके भारती ने कहा कि सत्य का परिचय प्राप्त कर उससे दिल का तार जोड़ें तो सहज ही हमारा जीवन सुख शांति से पूर्ण हो जाएगा। मुख्यालय माउंट आबू से आए ब्रह्माकुमार संजय ने कहा कि शिव का राजयोग धारण करने से जीवन की सभी समस्याओं का समाधान हो जाता है। निवर्तमान ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि पशुपतिनाथ जायसवाल ने कहा कि आध्यात्मिकता हमें जीवन जीने की सीख देती है। रामायण सिंह, रामप्रसाद लाल, इंजीनियर उदयभान सिंह आदि ने भी संबोधित किया। संचालन ब्रह्माकुमार सूरज ने किया। रवींद्र शर्मा, बीके प्रीति, बीके श्वेता आदि मौजूद रहे।