कुशीनगर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
कुशीनगर के सिविल लाइन कसया का निवासी था वाहन चालक तैयब डिघवा गांव के व्यक्ति का चलाता था वाहन शाम को वाहन लेकर लौटा था लखनऊ से।
कुशीनगर: कसया थाना क्षेत्र में बाड़ीपुल चौराहा के समीप सेमराधूसी गांव जाने वाली नहर की पटरी पर मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिला। टहलने निकले ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। शव की शिनाख्त तैयब निवासी सिविल लाइन कसया के रूप में हुई।
गांव सेमराधूसी के कुछ लोग सुबह टहलने जा रहे थे। गांव के समीप नहर की पटरी पर शव देखे। मौके पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की जांच पड़ताल में युवक के पैंट की जेब में मिले आधार कार्ड के जरिये उनकी पहचान हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी स्वजन को दी। घटनास्थल पर पहुंचे स्वजन शव देख रोने लगे। मां सितमा के अनुसार तीन भाइयों में तैयब सबसे छोटे थे। दोनों बड़े भाई विदेश में हैं। 10 वर्ष पूर्व तैयब का पत्नी से तलाक हो गया था। तैयब डिघवा गांव में एक व्यक्ति की गाड़ी चलाते थे। दो माह से घर नहीं आए थे। सोमवार को गाड़ी लेकर लखनऊ से लौटे। रात लगभग आठ बजे उन्हें सपहां रोड पर देखा गया था। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्रथम ²ष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने का लगता है। घटना के पीछे कारणों की जांच की जा रही है। स्वजन से जानकारी ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोखरे में मिला गायब युवती का शव
तुर्कपट्टी थाने के गांव गुरवलिया के बरमपुर टोला निवासी गायब युवती का शव पोखरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती बीते गुरुवार से गायब थी। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर तलाश कर रही थी।
गांव के पारस यादव की 20 वर्षीय युवती चंपा गुरुवार की शाम को घर से निकली लेकिन वापस नहीं आई। परेशान स्वजन उसकी तलाश में जुट गए लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह थाने पहुंच युवती की मां ने तहरीर दी। गांव स्थित पोखरा किनारे चारा काटने गई कुछ महिलाओं ने पोखरे में युवती का शव देखा। थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लोगों की मदद से पुलिस ने शव पोखरे से निकलवाया। शव की शिनाख्त चंपा के रूप में हुई। वह मानसिक रूप से कमजोर थी।
एसएचओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण पता चलेगा उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।