विकास से दूर खड़ा है देश का अहम हिस्सा: डा. संजय
जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय सिंह चौहान ने कहा आजादी के 71 वर्ष बाद भी देश का एक बड़ा हिस्सा विकास से दूर खड़ा है। केंद्र चुनाव से पहले सामाजिक न्याय का नारा देकर देश के पिछड़ों दलितों किसानों व नौजवानों को ठगने का काम किया।
कुशीनगर: जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय सिंह चौहान ने कहा आजादी के 71 वर्ष बाद भी देश का एक बड़ा हिस्सा विकास से दूर खड़ा है। केंद्र चुनाव से पहले सामाजिक न्याय का नारा देकर देश के पिछड़ों, दलितों, किसानों व नौजवानों को ठगने का काम किया। छद्म राष्ट्रवाद व नकली हिदुत्व का पाठ पढ़ाकर सरकार उद्योगपतियों, पूंजीपतियों के दम पर जनतांत्रिक मूल्यों को ध्वस्त कर रही है।
वे रविवार को नगर स्थित उदित नारायण इंटरमीडिएट कालेज के क्रीड़ांगन में भाजपा हटाओ, प्रदेश बचाओ जनवादी जनक्रांति रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कहा कि न्यायपालिका के माध्यम से दलितों व पिछड़ों के आरक्षण को निगलने की साजिश रची जा रही है। सरकारी संस्थाओं को बेचने का असंवैधानिक कार्य सरकार के टारगेट में हो गया है। सीएए व एनआरसी लाकर सरकार गरीबी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार आदि मुख्य मुद्दों से ध्यान बंटा रही है। प्रदेश अध्यक्ष मन्नी सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार के कार्यों पर निशाना साध कहा कि कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उपाध्यक्ष महेश निषाद ने कहा प्रदेश सरकार अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। गड्ढ़ा मुक्त सड़कों का दावा खोखला साबित हो रहा है। राष्ट्रीय महासचिव जंत्री लाल ने कहा सरकार के क्रियाकलापों से आमजन नाखुश है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष महेश निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष बीरबल चौहान, प्रदेश सचिव राजकुमार चौहान ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मुन्ना चौहान व संचालन रामचरण चौहान ने किया।