बांसी नदी में नाव पलटी, युवकों ने बचाया
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बांसगांव के टोला खैरवां के निकट बांसी नदी में शनिवार शाम को एक नाव पलट गई जिससे सवार एक दर्जन बच्चे समेत 14 लोग डूबने लगे। शोर सुन नदी किनारे टहल रहे चार युवकों ने नदी में छलांग लगा दी और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। नाव पलटने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
कुशीनगर: विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गांव बांसगांव के टोला खैरवां के निकट बांसी नदी में शनिवार शाम को एक नाव पलट गई, जिससे सवार एक दर्जन बच्चे समेत 14 लोग डूबने लगे। शोर सुन नदी किनारे टहल रहे चार युवकों ने नदी में छलांग लगा दी और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। नाव पलटने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
उक्त गांव के खैरवा टोला निवासी नाविक रामानंद 50 वर्ष रोज की तरह शाम को नाव लेकर उस पार परचून का सामान बेचने गया था। शाम लगभग छह बजे वापस आते समय उस पार जंगल में लकड़ी काटने गए गांव के ही एक दर्जन बच्चे नवमी 12 वर्ष, मोहित 13 वर्ष, सूरज 10 वर्ष, गोलू 10 वर्ष, विशाल 10 वर्ष, नेहा 10 वर्ष, निभा 15 वर्ष, नंदिनी 16 वर्ष, राहुल 12 वर्ष, लालदेयी 13 वर्ष, दुर्गेश 11 वर्ष, बृजेश 12 वर्ष व किशोरी 50 वर्ष सवार हो गए। नाव किनारे पहुंचने ही वाली थी कि अचानक संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। इससे सवार सभी डूबने लगे। शोर सुन नदी किनारे टहले रहे चार युवक विनय 20 वर्ष, लालबाबू 25 वर्ष, विकास 21 वर्ष व शंभू यादव 22 वर्ष ने नदी में छलांग लगा दी और डूबते बच्चों समेत सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। नाव पलटने की खबर पर विशुनपुरा पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन में पता चला कि नाव में छेद होने से पानी भर आया। अंधेरा होने के चलते नाविक को इसका पता नहीं लग सका और असंतुलित होकर नाव पलट गई। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि युवकों की मदद से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है। विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंच आवश्यक छानबीन की। जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।