बच्चों के विवाद में परिजनों पर जानलेवा हमला, तीन गंभीर
विशुनपुरा थाने के गांव पडरौन-मडूरही के राजेंद्र सिंह के टोले पर शनिवार की रात बच्चों से हुई कहासुनी के बाद मनबढ़ों ने परिजनों पर लाठी-डंडा व लोहे की राड से हमला कर दिया। जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
कुशीनगर: विशुनपुरा थाने के गांव पडरौन-मडूरही के राजेंद्र सिंह के टोले पर शनिवार की रात बच्चों से हुई कहासुनी के बाद मनबढ़ों ने परिजनों पर लाठी-डंडा व लोहे की राड से हमला कर दिया। जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई, वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की हालत गंभीर बता डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
गांव के संजय सिंह का 14 वर्षीय पुत्र सत्यम सिंह घटना के दिन रात करीब नौ बजे अपने दरवाजे पर बैठा था। दरवाजे से होकर गुजर रहा गांव का ही छोटेलाल उसे चिढ़ाने लगा। सत्यम के विरोध करने पर छोटेलाल मारपीट पर उतर आया। हालांकि घर के लोगों को आते देख वह वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद छोटेलाल घर के सदस्यों के साथ लाठी, डंडा व लोहे की राड से लैस होकर संजय के दरवाजे पर आ गया और मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। जिसमें संजय सिंह (45), पिता मुरली सिंह (60), मां लक्ष्मीना (62) सहित चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने 112 नंबर पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही ले गई, वहां प्राथमिक इलाज बाद डॉक्टर ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लक्ष्मीना के होश में न आने पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। सुबह संजय की पत्नी रीना सिंह ने नामजद तहरीर दी। एसओ बृजेश कुमार मिश्र ने कहा कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। तीन आरोपित गिरफ्तार हैं, आगे की कार्रवाई चल रही है।