कुशीनगर में 32 किग्रा गांजा के साथ एक गिरफ्तार
तरयासुजान पुलिस ने बुधवार को 32 किग्रा गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। गांजा की खेप बिहार से यूपी में लाई जा रही थी। बोलेरो पर पड़ोस के जनपद देवरिया का नंबर अंकित है। पकड़े गए तस्कर से पूछताछ कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
कुशीनगर : तरयासुजान पुलिस ने बुधवार को 32 किग्रा गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। गांजा की खेप बिहार से यूपी में लाई जा रही थी। बोलेरो पर पड़ोस के जनपद देवरिया का नंबर अंकित है। पकड़े गए तस्कर से पूछताछ कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। बरामद गांजे की कीमत लगभग आठ लाख रुपये बताई जा रही। सलेमगढ़ संवाददाता के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सिंह अपने हमराह दस्ते संग सुबह आठ बजे क्षेत्र भ्रमण पर थे। पता चला कि तस्कर गांजा की खेप लेकर बिहार से कुशीनगर सीमा की तरफ आ रहे हैं। पुलिस टीम तत्काल बार्डर इलाके के गांव सरेया खुर्द के निकट नहर पर बने पुलिया के समीप आ-जा रहे वाहनों की सघन जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसी बीच बिहार की तरफ से आए बोलेरो संख्या यूपी-52-एल-9551 को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। बोलेरो रोक चालक व तस्कर खेत के रास्ते भागने लगे। दौड़ाकर पुलिस ने तस्कर को धर दबोचा, हालांकि चालक भागने में सफल रहा। छानबीन के दौरान बोलेरो में अलग-अलग पैकेट में रखे गए 32.155 किग्रा गांजा मिला। पूछताछ में पकड़े गए तस्कर की पहचान सुनील सिंह निवासी देउरवा गद्दी टोला थाना गोपालपुर जनपद गोपालगंज बिहार के रुप में हुई। उसने बताया कि गांजे की खेप वह बिहार से लेकर कुशीनगर के रास्ते देवरिया व गोरखपुर जा रहा था। पुलिस टीम में एसआइ दीपक सिंह, कांस्टेबल रियाज अहमद, शोहित कुमार, विनोद यादव शामिल रहे। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि बोलेरो का नंबर देवरिया जिले का मिला है, मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कराई जा रही ताकि सरगना तक पहुंच गिरोह पर शिकंजा कसा जा सके।