संशोधित---हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने तथागत की प्रतिमा पर चढ़ाया चीवर
कुशीनगर: इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश राजेश बिंदल ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली कुशीनगर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बुद्ध मंदिरों का दर्शन और पूजन वंदन करने के साथ तथागत की लेटी प्रतिमा पर चीवर चढ़ाया। महापरिनिर्वाण स्तूप की परिक्रमा की।
मुख्य न्यायाधीश सुबह लगभग 11 बजे कुशीनगर पहुंचे। कुशीनगर में साढ़े चार घंटा रहने के दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध और कुशीनगर के बारे में जानकारी ली। बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल पर निर्मित रामाभार स्तूप का दर्शन कर लौटते समय मुख्य न्यायाधीश ने थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री भी देखा। मंदिरों का दर्शन करने के बाद वे जिला न्यायालय पहुंचे और न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उनके आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। इससे पहले मुख्य न्यायाधीश के होटल पथिक निवास में पहुंचने पर न्यायिक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। कुशीनगर भिक्षु संघ के अध्यक्ष एबी ज्ञानेश्वर और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक शादाब खान ने भी मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया। इस मौके पर जिला जज अशोक कुमार सिंह, डीएम एस राजलिंगम, एसपी धवल जायसवाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मशीन से पोखरों की खोदाई, मजदूरों का छीन रहे हक
शासन की ओर से जल संरक्षण और श्रमिकों को रोजगार देने के लिए अमृत सरोवर योजना लागू की गई है। योजना में चयनित पोखरों की खोदाई मनरेगा मजदूरों से ही करानी है, लेकिन कई गांवों के ग्राम प्रधान मशीन से कार्य कराकर मजदूरों का हक छीन रहे हैं। खड्डा ब्लाक के कुनेलीपट्टी व बरवारतनपुर में मशीन से ही पोखरे की खोदाई कराई जा रही है। बरवारतनपुर के दीनदयाल राव ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि बरवारतनपुर पोखरे पर एक भी मजदूर कार्य नहीं कर रहे हैं। मिट्टी की खोदाई, घाट की भराई और समतल बनाने का कार्य भी मशीन से ही कराया जा रहा है। इसी तरह कुनेलीपट्टी के पोखरे की खोदाई में भी मशीन का उपयोग किया जा रहा है। पोखरे के तल की दो इंच मिट्टी मजदूरों से खोदवाया गया है और उससे बैंक बनाया जा रहा है ताकि ऊंचाई मापी जा सके। पोखरा के चौड़ीकरण के लिए सौ वर्ष पुराना टीला और छठ बेदियों की मिट्टी को रात में मशीन से कटवाकर बेच दिया गया। कुछ मिट्टी दूसरे पोखरे के सुंदरीकरण में उपयोग की गई है। भाजपा के बूथ अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, अरविंद कुमार, अविनाश कुमार, लल्लन पाठक, श्रीकांत शर्मा, बाबू राव, दिनेश गुप्ता, राजेश, भुलई गुप्ता आदि ने बीडीओ, जिलाधिकारी, सांसद व विधायक को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है।