तूफान से हजारों एकड़ केले की फसल जमींदोज
भैंसहा गांव में चक्रवाती तूफान ने हजारों एकड़ केले की फसल को जमींदोज कर दिया।
जागरण संवाददाता, खड्डा, कुशीनगर: विकास खंड के खड्डा-भैंसहा मार्ग के किनारे तुर्कहां से भैंसहा गांव के बीच करीब चार किमी दायरे में मंगलवार रात आए चक्रवाती तूफान ने हजारों एकड़ केले की फसल को जमींदोज कर दिया। फसल बर्बाद होने से बड़े किसानों की कमर टूट गई है तो सीमांत किसान अपनी बर्बादी पर आंसू बहाने को मजबूर हैं। तूफान से सैकड़ों पेड़ उखड़ गए और छप्पर उड़ गए। ---
एक एकड़ भूमि में केले के पौधे लगाए थे, फल भी आ चुके थे। चंद मिनटों के चक्रवाती तूफान ने पूरी फसल बर्बाद कर दिया।
लोरिक, पकड़ी गांव ---
परिवार का भरण पोषण कृषि पर ही निर्भर है। तूफान ने केले की फसल ही बर्बाद नहीं किया, मेरी गृहस्थी उजाड़ दी है। लागत व फायदा दोनों आंखों के सामने बर्बाद हो गया, अब गृहस्थी का खर्च भगवान भरोसे है।
पूजन प्रजापति, पकड़ी गांव ----
प्रकृति ने ऐसा धोखा दिया कि हम बर्बाद हो गए है। तूफान ने केले की फसल पूरी तरह से बर्बाद कर दी। अब हमारे सामने संकटों का पहाड़ खड़ा हो गया है।
रामप्रताप, भैंसहा गांव ---
चक्रवाती तूफान से लाखों की केले की फसल बर्बाद हो गई। केसीसी ऋण के साथ हुए बीमा का लाभ बैंक से नहीं मिलता। अगर शासन व प्रशासन कृषि बीमा का लाभ किसानों को दे दे तो बर्बादी पर कुछ मरहम लग सकता है।
पंकज तुलस्यान, प्रगतिशील किसान ----
विधायक ने सरकारी मदद का दिलाया भरोसा
खड्डा, कुशीनगर: तूफान से हजारों एकड़ केले की फसल की बर्बाद होने की जानकारी होने पर बुधवार को विधायक जटाशंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। पकड़ी गांव के निकट एक खेत में किसान राजेंद्र सिर पर हाथ रख फसल बर्बाद होने से दुखी थे। विधायक त्रिपाठी उन्हें ढांढस बंधाया तो राजेंद्र रो पड़े। बताया कि एक बीघा भूमि में केले के पौधे लगाए थे। परिवार का भरण-पोषण कृषि पर निर्भर है। तूफान पूरी तरह से हमें बर्बाद कर दिया है। विधायक ने सभी पीड़ित किसानों को सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। कहा कि एक करोड़ से अधिक मूल्य की केले की फसल बर्बाद हुई है। सरकारी मदद के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी।