51217 लोगों का लगा कोरोना से बचाव का टीका
कुशीनगर में कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को 36289 लोगों को प्रथम 14634 को दी गई द्वितीय डोज इसके अलावा 294 को सतर्कता डोज दी गई टीका लगवाने वाले किशोरों की संख्या 3819 रही।
कुशीनगर : कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को लेकर लोगों में उत्साह बना रहा। बुधवार को ठंड के बावजूद टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या मे केंद्रों पर किशोर पहुंचे। 385 केंद्रों पर 51217 लोगों का टीकाकरण हुआ, जिसमें 36289 को प्रथम व 14634 को द्वितीय डोज तथा 294 लोगों को सतर्कता डोज दी गई। इसमें स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंट लाइन वर्कर्स व गंभीर रोगों से ग्रस्त 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग शामिल रहे।
अभियान में किशोरवय के 3819 लोगों ने टीका लगवाया। सहायक शोध अधिकारी विनोद शाह व कन्हैया यादव ने बताया कि सभी सीएचसी के अलावा स्कूलों में कैंप लगाकर किशोरों को कोवैक्सीन की डोज दी गई। गुरुवार को भी सभी केंद्रों पर टीकाकरण होगा।
कलेक्ट्रेट कर्मी समेत 47 संक्रमित,18 स्वस्थ
जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी बढ़ रहा है। इसके बाद भी सार्वजनिक स्थलों व दुकानों पर कोविड गाइड लाइन का लोग अनुपालन नहीं कर रहे हैं। बुधवार को 1912 लोगों की जांच रिपोर्ट में 1865 निगेटिव व कलेक्ट्रेट कर्मी समेत 47 लोग संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में विशुनपुरा के चार, तमकुही के पांच, सुकरौली के दो, पडरौना के 12, खड्डा के दो, कसया के छह, हाटा के छह, फाजिलनगर के एक व अन्य क्षेत्र के नौ लोग शामिल हैं। दूसरी तरफ होम क्वारंटाइन में रहे संक्रमितों में से 18 लोग स्वस्थ हुए हैं।
पिछले 23 दिनों में सक्रिय मामलों की संख्या 159 हो गई है। सीएमओ डा.सुरेश पटारिया ने बताया कि स्वस्थ होने वालों को जरूरी हिदायत दी गई है। होम क्वारंटाइन में रखे गए सभी संक्रमितों को दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सभी के नमूने जीनोम सिक्वेंसिग के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। इनमें दो व्यक्तियों की दो बार की जांच रिपोर्ट पाजिटिव मिली है। जनपद में संक्रमितों की संख्या 15845 में से 15457 स्वस्थ हो चुके हैं।