एहतियात न बरतने वाले 3436 लोगों पर गिरी गाज
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद हर जगह दहशत का माहौल है। संक्रमण रोकने में प्रशासनिक मशीनरी दिन रात एक कर जुटी हुई है। नागरिकों से जरूरी एहतियात बरतने का आह्वान किया जा रहा है। बावजूद इसके लोग अपनी जान जोखिम में डालकर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकल रहे हैं।
कुशीनगर: जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद हर जगह दहशत का माहौल है। संक्रमण रोकने में प्रशासनिक मशीनरी दिन रात एक कर जुटी हुई है। नागरिकों से जरूरी एहतियात बरतने का आह्वान किया जा रहा है। बावजूद इसके लोग अपनी जान जोखिम में डालकर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकल रहे हैं। जिले में सोमवार को नौ वाहनों का चालान कर तीन हजार चार सौ रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया। पांच लोग गिरफ्तार किए गए। अब तक कोरोना वायरस को लेकर जारी दिशा-निर्देश का उल्लंघन करने वाले 3436 लोगों को गिरफ्तार कर 156 मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं। लॉकडाउन के उल्लंघन (धारा 188 आइपीसी) के कुल 156 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दर्ज मुकदमों में 286 तथा जबकि धारा 151 में 3150 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इस अवधि में 30368 वाहनों की जांच की गई। इसमें बिना किसी उचित कारण के चलते पाए गए 5430 वाहनों का चालान किया गया। 85 वाहन सीज कर दिए गए। 49 लाख 67 हजार सात सौ रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
अब और भी सतर्कता की जरूरत : एएसपी
एएसपी एपी सिंह ने कहा कि लोग जारी दिशा-निर्देश का कड़ाई से पालन करें। यह उनके व उनके परिवार के हित में है। जनपद में कोरोना के अब तक 87 मामले सामने आ चुके हैं। अब और भी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि इस महामारी को फैलने से रोका जा सके।