293 की रिपोर्ट निगेटिव, सात और पॉजिटिव मिले
कुशीनगर से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए थ्रोट स्वाब के नमूनों में बुधवार को 300 की रिपोर्ट मिली। इसमें 293 निगेटिव व सात पॉजिटिव हैं। अब जनपद में संक्रमितों की संख्या 199 हो गई है। संक्रमितों में नगर वार्ड नंबर दो में एक फाजिलनगर के जोकवा बाजार व महुअवां में एक-एक कप्तानगंज के बंसतपुर में एक दुदही के जंगल घोरठ में एक के अलावा गोरखपुर के निजी अस्पताल में जांच कराने वाली कप्तानगंज के मंगल के बाजार निवासिनी एक महिला व कुबेरस्थान के मिश्रपट्टी एक अधेड़ शामिल हैं।
कुशीनगर: कुशीनगर से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए थ्रोट स्वाब के नमूनों में बुधवार को 300 की रिपोर्ट मिली। इसमें 293 निगेटिव व सात पॉजिटिव हैं। अब जनपद में संक्रमितों की संख्या 199 हो गई है। संक्रमितों में नगर वार्ड नंबर दो में एक, फाजिलनगर के जोकवा बाजार व महुअवां में एक-एक, कप्तानगंज के बंसतपुर में एक, दुदही के जंगल घोरठ में एक के अलावा गोरखपुर के निजी अस्पताल में जांच कराने वाली कप्तानगंज के मंगल के बाजार निवासिनी एक महिला व कुबेरस्थान के मिश्रपट्टी एक अधेड़ शामिल हैं। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्त ने बताया कि संक्रमितों को इलाज के लिए लक्ष्मीपुर में बनाए गए (कोविड केयर) अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर सूची बनाई जा रही है।
गोरखपुर भेजे गए 332 नमूने
जिले में विभिन्न प्रांतों से आए 332 और लोगों के थ्रोट स्वाब के नमूने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए। नए व पुराने 413 नमूनों की जांच रिपोर्ट आनी है। अब तक कुल 7645 लोगों की हुई जांच में 7039 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
ढूंढ रही सर्विलांस टीम
नगर में एक और पॉजिटिव मिले व्यक्ति का पता गलत होने पर स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम व पुलिस विभाग तलाश कर रही है। टीम को उनका ब्योरा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसलिए संभावित सीएचसी को सूचित कर उनको ढूंढने में लगाया गया है। सीएमओ ने बताया कि शीघ्र उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।
तुलसी नगर कालोनी सील
नगर के तुलसी नगर कालोनी में एक कोरोना संक्रमित के मिलने के बाद से ईओ एएन सिंह, लेखपाल योगेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह ने सील कराते हुए मोहल्ले के लोगों से घरों में रहने की सलाह दी।
हाटा: कुशीनगर: अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम घोड़ा देउर में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। युवक दो माह पहले मुंबई से घर आया था। हाट स्पॉट से मुक्त हुआ गांव फिर से सील कर दिया गया।
कप्तानगंज: कस्बे के वार्ड 12 मंगल की बाजार में पॉजिटिव केस मिलने पर पहुंचे एसडीएम अरविद कुमार, ईओ संध्या मिश्रा, एसओ ज्ञानेन्द्र राय, चौकी इंचार्ज रीतेश सिंह ने सील कराते हुए संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी ली।
रात में मुंबई से आया युवक, सुबह हुई मौत
बेलवा कारखाना : पटहेरवा थानाक्षेत्र के गांव भठवा में एक युवक मंगलवार की रात मुंबई से घर आया और सुबह उसकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक उसका शव घर में ही रखा है। न परिजन छू रहे हैं और न अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई हो सकी है। परिवार व गांव के लोग दहशत में हैं। परिजनों की मानें तो उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं था। पिता नैन भगत ने बताया कि उनका लड़का 30 वर्षीय राजू रात में खाना खाने के बाद वह अकेले ही कमरे में सोया। सुबह आठ बजे तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो मैं उसके कमरे में गया। वह मरा पड़ा था। थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया है। कोरोना गाइड लाइन के अनुसार कार्यवाई की जा रही है।