रफ्तार धीमी, 20 दिनों 1.46 फीसद खरीद
धान खरीद के 20 दिन बीत गए लेकिन खरीद अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। इस धीमी रफ्तार से अधिकारी चितित हैं। 75 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 1.46 फीसद (1093.32 एमटी) ही खरीद हुई है। किसानों का कहना है कि धान लेकर जाने पर केंद्र प्रभारी किसी न किसी बहाने वापस लौटा दे रहे हैं जबकि जनपद में कुल 78 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
कुशीनगर: धान खरीद के 20 दिन बीत गए, लेकिन खरीद अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। इस धीमी रफ्तार से अधिकारी चितित हैं। 75 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 1.46 फीसद (1093.32 एमटी) ही खरीद हुई है। किसानों का कहना है कि धान लेकर जाने पर केंद्र प्रभारी किसी न किसी बहाने वापस लौटा दे रहे हैं, जबकि जनपद में कुल 78 क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
किसानों का कहना है कि आनलाइन पंजीकरण के साथ तहसील से सत्यापन की व्यवस्था ठीक नहीं है। गुरुवार को डिप्टी आरएमओ विनय प्रकाश सिंह ने रामकोला के लक्ष्मीगंज व कस्बे के साथ मोतीचक में भी क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदे गए धान की गुणवत्ता भी देखी। उन्होंने कहा कि कहीं गड़बड़ी मिली तो संबंधित केंद्र प्रभारी नपेंगे।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों का आनलाइन पंजीकरण नहीं हुआ है, वे तत्काल करा लें। खरीद के लिए बोरा समेत अन्य तैयारियां पूरी हो गई है। शासन ने इस बार सामान्य 1862 व ग्रेड ए 1888 रुपये समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। सदर तहसील क्षेत्र में क्रय केंद्रों का भ्रमण करते हुए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी कमलेश शाही ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया किसानों को कोई असुविधा न हो। जनपद का कुल लक्ष्य 75000 एमटी (मीट्रिक टन) है। एडीएम विंध्यवासिनी राय ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए सभी क्रय केंद्र खुल गए हैं, वे मानक के अनुसार धान क्रय केंद्रों पर ले जाएं। किसी प्रकार की दिक्कत हो या केंद्र प्रभारी वापस लौटाते हैं तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।