ससुराल में गला दबाकर किया गया था युवती का कत्ल
सैनी क्षेत्र के केसरिया गांव में बुधवार को विवाहिता के कत्ल के बाद उसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की गई थी। गुरूवार को पोस्टमार्टम होने पर ससुरालियों का गुनाह उजागर हो गया।
कौशांबी : सैनी क्षेत्र के केसरिया गांव में बुधवार को विवाहिता के कत्ल के बाद उसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की गई थी। गुरूवार को पोस्टमार्टम होने पर ससुरालियों का गुनाह उजागर हो गया। महिला के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि नाजायज ताल्लुक के विरोध पर बेटी की हत्या की गई है। पुलिस अब पति समेत ससुरालियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
मंझनपुर इलाके में देवखरपुर गांव निवासी मिठाईलाल ने बेटी शोभा का विवाह करीब भर साल पहले सैनी के केसरिया निवासी उदयचंद के साथ किया था। बुधवार की शाम शोभा का शव फंदे पर लटका मिला था। पति व अन्य लोगों ने कहा कि शोभा ने फांसी लगाकर जान दी है। गुरुवार को पिता मिठाई लाल ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या का आरोप लगाया। मिठाईलाल के अनुसार बेटी से दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। न देने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। यह भी आरोप लगाया कि पति का अपने परिवार की एक महिला से अवैध रिश्ता था। पता चलने पर शोभा ने विरोध किया। इस वजह से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। मिठाई लाल ने पति समेत अन्य लोगों पर कार्रवाई के लिए सैनी कोतवाली को तहरीर दी। गुरुवार को डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया तो पता चला कि शोभा ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसे गला दबाकर मौत के घाट उतारा गया था। पुलिस का कहना है कि हत्या का केस लिखकर घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।