बारजा ढहने से किशोरी की मौत, तीन लड़कियां घायल
संसू पश्चिम शरीरा पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के खरौना गांव में एक घर के बाहर खेल रही ल
संसू, पश्चिम शरीरा : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के खरौना गांव में एक घर के बाहर खेल रही लड़कियों के ऊपर बारजा गिर गया। हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई। जबकि, तीन लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालत में तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खरौना निवासी हरिश्चंद्र के चौधरी के घर के बाहर सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे गांव के ही गुड्डू सरोज की 12 वर्षीय बेटी गुड़िया पड़ोसी राजू की बेटी सोनिया, शिवलोचन की बेटी कुसुमा व टिर्रा प्रसाद की बेटी रेशमा के साथ खेल रही थी। गुड्डू सरोज का कहना है कि इस बीच हरिश्चंद्र के जर्जर मकान का बारजा अचानक ढह गया। मलबे में चारों लड़कियां दब गई। कुछ लोगों ने देखा तो आनन-फानन सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक गुड़िया की मौत हो चुकी थी। जबकि सोनिया, कुसुमा व रेशमा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी परिवारवालों को हुई तो रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि, गुड़िया के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, जानकारी होने पर नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मृतक के परिवार वालों को आर्थिक मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया है। बाइक की टक्कर से दंपती घायल
संसू, उदिहिन : श्रीराम तिराहे के समीप बाइक की टक्कर से साइकिल सवार दंपती घायल हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर सूचना पुलिस को दी गई। हादसे के बाद बाइक सवार युवक भाग निकला।
फतेहपुर जनपद के धाता शिवदासपुर निवासी श्यामलाल पत्नी श्यामकली के साथ साइकिल से सोमवार की दोपहर दामाद रामसजीवन निवासी फत्तू का पूरा अनेठा के यहां जा रहे थे। श्यामलाल का कहना है कि वह जैसे ही पइंसा के श्रीराम तिराहा के समीप पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।