राम मंदिर के लिए उल्लास के बीच निकाली गई शोभा यात्रा
अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार दोपहर भूमि पूजन के दौरान कस्बों व गांवों में भक्तों ने पूजन-अर्चन कर जयकारे लगाए। जश्न और उल्लास के बीच हर तरफ श्रीराम का ही नाम गूंजता रहा।
कौशांबी : अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुधवार दोपहर भूमि पूजन के दौरान कस्बों व गांवों में भक्तों ने पूजन-अर्चन कर जयकारे लगाए। जश्न और उल्लास के बीच हर तरफ श्रीराम का ही नाम गूंजता रहा। लोग आपस में अभिवादन करते वक्त भी उत्साह के साथ जयश्रीराम ही बोलते नजर आए। बुधवार को वातावरण पूरी तरह राम नाम के साथ भक्तिमय रहा। जिले में मंदिरों और घरों में मानस पाठ, भजन-कीर्तन, रामनाम जप होता रहा।
विकास खंड कौशांबी की ग्राम पंचायत महिला में भक्तों ने भगवान श्रीराम दरबार की शोभा यात्रा निकाली। ग्राम प्रधान विकास चंद्र द्विवेदी व समाजसेवी सार्थक द्विवेदी की अगुवाई में शोभा यात्रा के साथ रंग-गुलाल उड़ाते हुए जय श्रीराम के नारों से पूरा गांव गुंजायमान हो गया।
भगवा पताका के साथ शिव मंदिर से शोभायात्रा शुरू होकर गांव की गलियों से गुजरते हुए घर घर दीपक का वितरण किया गया। शोभायात्रा का लोगों ने स्वागत कर भगवान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के जयकारे लगाए। जगह-जगह स्वागत और जयकारों के बीच शोभायात्रा मंदिर पहुंची जहां शाम को श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के सामने भगवान राम दरबार की महाआरती कर पांच हजार दीपक जलाए। इस दौरान प्रधान विकास द्विवेदी और सार्थक द्विवेदी ने गांव की कन्याओं की पूजा की। मंदिर परिसर और गांव हजारों दीपक की रोशनी में जगमग हो गया। भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने कीर्तन भजन कर भंडारे का भी आयोजन किया। बजरंग दल, विहिप ने निकाली रथ यात्रा
संसू, चायल : विकास खंड नेवादा में राममंदिर भूमि पूजन के अवसर पर बुधवार को बजरंग दल, विश्व हिदू परिषद और भाजपाइयों ने विकास खंड परिसर से भगवान श्रीराम की रथ यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, सदस्य शामिल रहे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता कंचन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विवेक शुक्ला, सत्यवान, भरत द्विवेदी, धर्मेंद्र पांडेय, जय सिंह पटेल, बृजेंद्र नारायण मिश्र, अभिषेक द्विवेदी, अनीता शुक्ला, विवेक कुमार आदि उपस्थित रहे। कीर्तन कर बांटा प्रसाद
चायल तहसील क्षेत्र के शाना नीबीं गांव में भाजपा कार्यकर्ता नन्हें तिवारी ने ग्रामीणों के साथ मंदिर में महाआरती की। इसके बाद कन्या भोजन का आयोजन किया गया। शाम को भगवान श्रीराम का पूजन पाठ कर कीर्तन भजन कर प्रसाद का वितरण किया गया। मनौरी बाजार में भाजपाइयों ने फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए भक्तों में लड्डू का वितरण किया।