जानलेवा हैं जिले से फतेहपुर जाने वाली सड़क के ब्रेकर
कौशांबी जिला मुख्यालय मंझनपुर से फतेहपुर जनपद को जोड़ने वाले मार्ग पर यदि कोहरे के समय सावधानी नहीं बरती जाए तो हादसा होना तय है। 12 किमी लंबे इस मार्ग पर 16 ब्रेकर हैं जो कोहरे के समय नजर नहीं आते और हादसे के कारक बनते हैं।
कौशांबी : जिला मुख्यालय मंझनपुर से फतेहपुर जनपद को जोड़ने वाले मार्ग पर यदि कोहरे के समय में सावधानी न बरती तो कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं, क्योंकि 12 किलोमीटर की सड़क में 16 ब्रेकर बनाए गए हैं। यदि इन ब्रेकरों को ध्यान में रखते हुए वाहन न चलाया गया तो जान भी जा सकती है।
ठंड के मौसम में सुबह-शाम कोहरे का प्रकोप रहता है। इसकी वजह से रास्ता साफ नहीं दिखता है। इन दिनों वाहन चलाने में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। हाईवे पर तो खतरा है ही, लेकिन मंझनपुर से फतेहपुर जनपद के धाता बाजार को जोड़ने वाली सड़क पर सफर करना आसान नहीं है। इस मार्ग के किनारे कई बाजार हैं। लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण भी कर रखा है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या स्पीड ब्रेकर है। मंझनपुर बाजार से धाता बाजार की दूरी 12 किलोमीटर है। इस मार्ग पर 16 गतिरोधक बनाए गए हैं। ऐसे में इस मार्ग पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। पिछले दो वर्ष के रिकॉर्ड पर जाएं तो कोहरे में ब्रेकर की वजह से इस मार्ग पर 72 हादसे हो चुके हैं, जिसमें दो लोगों की मौत भी हुई है। जिन स्थानों पर ब्रेकर बनाए गए हैं। वहां पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संकेतक बोर्ड तो लगाया है लेकिन कोहरे के चलते ब्रेकर नजर नहीं आते हैं।