टिड्डियों की दहशत में खेतों में डटे रहे अन्नदाता
जिले में शुक्रवार की सुबह किसानों को टिड्डी दल के आने की सूचना मिली। वे अपनी फसल को ब
जिले में शुक्रवार की सुबह किसानों को टिड्डी दल के आने की सूचना मिली। वे अपनी फसल को बचाने के लिए खेतों में डट गए। फतेहपुर की ओर से आया टिड्डियों का दल तीनों तहसील क्षेत्र में यमुना नदी और उसके करीब 30 किमी के क्षेत्रफल से होते हुए प्रयागराज की ओर चला गया। थोड़ी देर बाद टिड्डियों का एक दल लौटा और चित्रकूट की ओर गया।
किसानों ने खेत में धान की नर्सरी, मूंग और चरी तैयार की है। शुक्रवार की सुबह किसानों को इस बात की जानकारी हो गई कि टिड्डी दल पहुंचने वाला है। मंझनपुर तहसील के भरसवां, टेंवा, गौसपुर टिकरी, हिनौता, पश्चिमशरीरा, हटवा अब्बासपुर, कौशांबी, बारा, करारी, अंधावा, म्योहर, फतेहपुर सहावनपुर, तैयबपुर मंगौरा, मीरापुर आदि गांव में किसान अपने-अपने तरीके से टिड्डी दल से बचाने के लिए खेतों में खड़े थे। टिड्डियों के निकलने पर वे शोर मचाने लगे। टीना, ढोल, थाली आदि बजाते हुए वे खेत में धुंआ भी कर रहे थे। किसान कृषि विभाग के अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते रहे।
चायल में टिड्डी दल का फसलों पर हमला
टिड्डी दल चायल के भी कई गांवों से होकर निकला। यमुना को पार करने के बाद यह दल तीन टुकड़ी में बट गया। सुबह करीब आठ बजे पांच किलोमीटर में फैला टिड्डियों का एक दल चायल क्षेत्र के गांव में फसल और पेड़-पौधों पर हमला बोल नुकसान पहुंचाने लगा। किसान खेतों में पहुंचकर थाली, टीना, ढोल बजाकर और धुंआ कर भगाने का प्रयास किया। कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो पांच किलोमीटर में फैला टिड्डियों का दल विकास खंड नेवादा के औधन, दुर्गापुर, नेवादा, अमवा, सेवथा, जवाहरगंज, गोविदपुर, सुरसेनी, पनारा गोपालपुर, चित्तापुर, रसूलपुर टप्पा आदि गांवो में किसानों की फसल पर हमला किया। मूंग, धान की नर्सरी, केला, चरी, मिर्च आदि फसलें प्रभावित हुई। रसूलपुर टप्पा गांव के किसान शाहिद अनवर, मुख्तार अहमद की धान की नर्सरी को काफी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि टिड्डियों का दल धान की नर्सरी में एक तरफ से बिछ गई थी। इलाके में करीब दो घंटा रहने के बाद चायल विकास खंड के मदूकी, समसपुर, चरवा, फरीदपुर सलेम, चौराडीह आदि गांवो में हमला कर फसल को नुकसान पहुंचाने लगी। जिला कृषि अधिकारी मनोज गौतम ने बताया कि नेवादा में जेके सिंह, अंबरीश कुमार, धर्मेंद्र गौड़, अभिषेक कुमार, लोकेंद्र दोहरे, विनोद कुमार शर्मा, चायल में सुशील कुमार मौर्य, देवेंद्र नाथ तिवारी, विजय कुमार कुशवाहा, संजीव कुमार व राजेश कुमार को तैनात किया गया है। इसी प्रकार क्षेत्र के अन्य ब्लाकों में भी कर्मचारियों को किसानों की मदद की जिम्मेदारी दी गई है।