इंस्पेक्टर पिपरी व चौकी प्रभारी निलंबित
जासं कौशांबी पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म किए जाने के मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने पिपरी थाने के निरीक्षक और एक चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। इसके अलावा कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का तबादला किया है।
जासं, कौशांबी : पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म किए जाने के मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने गुरुवार की शाम पिपरी थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह व मकदूमपुर चौकी प्रभारी अशोक सिंह को निलंबित कर दिया। जबकि 37 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
पिपरी इलाके में पांच दिन पहले एक किशोरी के साथ खेत जाते समय गांव के ही दो युवकों ने दुष्कर्म किया था। मामले में पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज कर अपने कर्तव्यों से इतिश्री कर ली थी। मामला सुर्खियों में आने के बाद एसपी के निर्देश पर बुधवार को नामजद आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ। जांच कराई तो पिपरी इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह व मकदूमपुर चौकी प्रभारी अशोक सिंह पर लापरवाही बरतने का मामला प्रकाश में पाया। एसपी अभिनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर दोनों को निलंबित किया गया है। वहीं एसपी ने इन्वेस्टिगेशन विग में रहे निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय को प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर बनाया गया है। मंझनपुर में रहे अशोक कुमार को करारी थाने का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह निरीक्षक कृष्ण प्रताप सिंह को करारी से महेवाघाट थानाध्यक्ष, बलराम सिंह को पूरामुफ्ती से कोखराज थानाध्यक्ष, कोखराज में रहे राकेश तिवारी को कड़ाधाम थानाध्यक्ष, राधेश्याम वर्मा को कड़ाधाम से पइंसा थानाध्यक्ष, स्वामी नाथ को क्राइम ब्रांच डीटीयू प्रभारी से महिला थाना प्रभारी, महेवाघाट में रहे रमेश पटेल को पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष, निरीक्षक उदयवीर सिंह को पुलिस लाइन से इन्वेस्टिगेशन विग क्राइम ब्रांच, उपनिरीक्षक योगेश तिवारी को पइंसा से भरवारी चौकी प्रभारी, उपनिरीक्षक गायत्री सिंह को महिला थाना से मंझनपुर भेजा गया है। 26 अन्य उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्रों में भी फेरबदल किया गया है।