मकान की दीवार में सेंधमारी, गृहस्थी चोरी
चोरों ने एक मकान में सेंधमारी की और नकदी व जेवरात समेत सवा लाख कीमत की गृहस्थी पार कर
चोरों ने एक मकान में सेंधमारी की और नकदी व जेवरात समेत सवा लाख कीमत की गृहस्थी पार कर दी। सुबह जानकारी होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौका मुआयना कर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के नूरपुर हाजीपुर निवासी अमर सिंह मुंबई में रहकर प्राइवेट काम करता था। लॉकडाउन के चलते कुछ दिन पहले ही वह गांव लौटा था। प्रयागराज में किराए का मकान लेकर सब्जियों की फेरी लगाने का काम शुरू किया। घर पर उसकी पत्नी अनीता व बच्चे रहते हैं। अनीता की मानें तो शुक्रवार की रात वह बच्चों के साथ खाना खाने के बाद सो गई। देर रात मकान के पीछे की दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसे चोरों ने 20 हजार रुपया, एक किलो चांदी व एक तोला सोने के जेवरात, बर्तन, कपड़ा समेत तकरीबन सवा लाख कीमत की गृहस्थी पार कर दी। सुबह जब परिवार वालों की नींद खुली और सामान बिखरा देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव के बाहर खाली बक्सा और बिखरे हुए पुराने कपड़े पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने तहरीर लेकर केस दर्ज कर लिया है।