संचार क्रांति के जनक थे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी
जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत समेत जिला प्रशासन ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 76वीं जन्मतिथि मनाई। इस दौरान उनके कार्यों को याद किया गया। जिला प्रशासन ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती सदभावना दिवस के रूप में मनाई।
कौशांबी : जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत समेत जिला प्रशासन ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 76वीं जन्मतिथि मनाई। इस दौरान उनके कार्यों को याद किया गया। जिला प्रशासन ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती सदभावना दिवस के रूप में मनाई। कांग्रेसियों ने गुरुवार से बूथ स्तर पर प्रतियोगिताएं शुरू करने का फैसला किया। इसके परिणाम छह दिसंबर को घोषित होंगे।
पार्टी कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देकर जिलाध्यक्ष अरुण विद्यार्थी ने कहा कि देश में संचार क्रांति के जनक के रूप में राजीव गांधी हमेशा याद किए जाएंगे। आज हम खेत में खड़े होकर किसी से बात करते हैं या फिर अपने किसी मित्र और परिचित से फोन व सचित्र वार्तालाप करते हैं तो यह पूर्व प्रधानमंत्री की देन है। उन्होंने 50 साल आगे के भारत को लेकर सोच रखी थी। इसी कारण आज हम संचार क्रांति के माध्यम से अपनी हर समस्या को हल करते हैं। बैठक के दौरान ही उन्होंने गुरुवार से बूथ स्तर पर कांग्रेस सृजन अभियान कार्यक्रम के तहत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की। बताया कि हर बूथ में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिता में सफल होने वाले छात्रों को लैपटॉप, टैबलेट व मोबाइल उपहार में दिया जाएगा। इसके परिणाम छह दिसंबर को घोषित होंगे। बैठक में जिला उपाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा पप्पू, जितेंद्र शर्मा, देवेश श्रीवास्तव, अनिल पांडेय, वेद पांडेय, मिसबाउल एन, भारत गौतम, मो. फरमान, राजकुमार गौतम, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर जिला प्रशासन ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जन्मतिथि को सदभावना दिवस के रूप में मनाया। विकास भवन, सभी ब्लाक परिसर व अन्य स्थानों पर उनको याद कर अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनको श्रद्धांजलि दी।
पश्चिमशरीरा प्रतिनिधि के अनुसार सरसवां विकास खंड के अंधावा गांव में कांग्रेस नेता व पीसीसी राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने पूर्व प्रधानमंत्री को यादकर उनके कार्यो पर रोशनी डाली। चित्र पर माल्यार्पण कर कहा कि उनकी सोच का परिणाम है कि आज देश की हर पंचायत शक्तिशाली हो रही हैं। कहा कि 18 वर्ष की उम्र में मतदाता बनने, रोजगार को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण कार्य उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए किए। इस मौके पर ज्ञानेश तिवारी, योगेश द्विवेदी, मोनू तिवारी, नन्हे लाल चौरसिया, इरशाद अली, संजीव चतुर्वेदी, गौरव त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
मेरा बूथ सब से मजबूत
जिला उपाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा पप्पू ने गुरुवार को ककोढ़ा गांव में कांग्रेस सृजन अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कांग्रेसी गलत कार्यों को खुलकर विरोध करें जिससे लोगों के बीच कांग्रेस की विचार धारा पहुंचे। संगठन हर किसी के साथ है। हर स्तर पर विरोध होगा तो लोगों के बीच सही और गलत की जानकारी पहुंचेगी। उन्होंने बूथ स्तर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यक्रर्ता विवेक चौहान व विश्व हिदू परिषद से जुड़े चंददत्य ने पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश सचिव शमीम आलम ने ग्रामीणों को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यों के संबंध में जानकारी दी। छितानी, फूलचंद्र, अजीत, विष्णु सोनी, चंद्रशेखर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।