फेसबुक में विधायक की पोस्ट पर की अभद्र टिप्पणी
जासं, कौशांबी : विधान सभा चायल के विधायक संजय गुप्ता की फेसबुक में भेजी गई पोस्ट पर एक युवक ने अभद्र टिप्पणी की। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विधायक की शिकायत पर मंझनपुर कोतवाली में मंगलवार को नामजद युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपित की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।

सरायअकिल थाना क्षेत्र के सुरसेनी गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज द्विवेदी को चुनावी रंजिश के चलते गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान विहिप नेता भी हैं। उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी होने पर विधायक संजय गुप्ता उनसे मिलने के लिए अस्पताल गए हुए थे। इस दौरान उन्होंने एक फोटो भी खींची थी। उन्होंने इस फोटो को दो दिन पहले फेसबुक पर पोस्ट किया था। इस पोस्ट पर तमाम लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इसमें एक सलमान खान नामक युवक ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गाली-गलौज की। कुछ लोगों ने कमेंट बॉक्स पर इसका विरोध किया तो सलमान खान ने विधायक को जान से मारने की धमकी भरा कमेंट किया। अभद्र टिप्पणी के कमेंट को जब संजय गुप्ता ने पढ़ा तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। साथ ही सोमवार को मंझनपुर कोतवाली में सलमान खान निवासी अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। वहीं इसकी जानकारी होने पर सलमान ने अपनी डीपी बदलते हुए तिरंगे झंडे की फोटो लगा दी। साथ ही फेसबुक आइडी से अपना पता भी हटा लिया। साइबर क्राइम के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है। विधायक चायल संजय गुप्ता की तहरीर पर नामजद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वह कहां का रहने वाला है, यह पता नहीं चल सका है। आरोपित की आइडी से अटैच मोबाइल नंबर का पता लगाकर जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
- राकेश चौरसिया, प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर।