सड़क हादसों में आठ लोग हुए घायल
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान हुए सड़क हादसों में आठ लोग घाय
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान हुए सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के नगियामई निवासी यासीन, नसीम, वसीक व लाला पशु व्यापारी हैं। सोमवार की सुबह वह चारों कार से अझुवा बाजार जा रहे थे। यासीन के मुताबिक, लोंहदा मोड़ के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और सभी को कार से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी होने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
उधर, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मंदरी निवासी कुलदीप कुमार शुक्रवार को किसी काम से प्रयागराज गए थे। शनिवार की सुबह वह बाइक से लौट रहे थे। राहगीरों की मानें तो पिपरी के एयरफोर्स कालोनी के पास सामने से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई है।
इसी तरह प्रयागराज के झूंसी शेरडीह निवासी भूपेंद्र अपनी ससुराल सरायअकिल के केवटपुरवा गांव गए थे। साथ में उनकी भाभी लक्ष्मी और भतीजी अनु भी थी। शनिवार को तीनों लोग बाइक से प्रयागराज लौट रहे थे। भूपेंद्र कुमार के मुताबिक, पिपरी के सेंवथा गांव के पास सामने से आ रहे किसी वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी बाइक अप्पे से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में तीनों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।