गोलीकांड में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरात अली का पूरा गांव में तीन लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जासं, कौशांबी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के खैरात अली का पूरा गांव में तीन लोगों को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खैरात अली का पूरा निवासी बलकरन सिंह का गांव के बाहर नलकूप है। वह अपने नलकूप पर मंगलवार की रात मौजूद था। गांव के ही कुंजबिहारी कुछ दूरी पर अपने खेत में धान की मशीन से मड़ाई करा रहे थे। उनका बेटा अक्षय समेत परिवार के ही बलराम सिंह के बेटे सुनील व सुधीर भी मौजूद थे। नलकूप के समीप रास्ते से निकलने को लेकर बलकरन सिंह और साथ में रहे सुनील द्विवेदी का सुनील सिंह, सुधीर और अक्षय से विवाद हो गया। कुंजबिहारी का आरोप है कि मारपीट के दौरान बलकरन सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। इससे गोली सुनील सिंह, सुधीर व अक्षय को जा लगी। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया, जहां सुधीर व सुनील की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपित बलकरन सिंह व सुनील द्विवेदी को हिरासत में ले लिया। जांच के बाद कोतवाल उदयवीर सिंह ने कुंजबिहारी की तहरीर पर दोनों आरोपितों के खिलाफ बुधवार की देर शाम केस दर्ज कर लिया।