बेवफाई के चलते प्रेमी ने किया था कत्ल
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बक्सी का पूरा गांव में भाई व बहन की गोली मारकर की गई हत्या के पीछे गांव का ही एक युवक कातिल निकला। किशोरी की बेवफाई से नाराज होकर हत्या का जुर्म आरोपित ने कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा व कारतूस के अलावा खून से सनी टीशर्ट बरामद कर ली है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चालान न्यायालय भेजा।
जासं, कौशांबी : पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बक्सी का पूरा गांव में भाई व बहन की गोली मारकर की गई हत्या के पीछे गांव का ही एक युवक कातिल निकला। किशोरी की बेवफाई से नाराज होकर हत्या का जुर्म आरोपित ने कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तमंचा व कारतूस के अलावा खून से सनी टीशर्ट बरामद कर ली है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चालान न्यायालय भेजा।
बक्सू का पूरा निवासी गप्पू की पत्नी सरोजनी देवी अपने दो बच्चे राजेंद्र व शीला के साथ घर पर रहती थी। छह नवंबर को सरोजनी देवी अपनी बेटी की ससुराल गई थी। घर पर शीला व राजेंद्र मौजूद थे। इस बीच दोनों की घर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दूसरे दिन मामले की सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सरोजनी देवी ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। अभियुक्तों पर दर्ज मुकदमें को लेकर पुलिस पशोपेश की स्थिति में फंसी थी। आरोपितों की गतिविधियों व दुश्मनी से जब पुलिस ने तार जोड़ना शुरू किया तो वह हत्या प्रकरण में सटीक नहीं बैठ रहे थे। इस पर पुलिस ने गांव के ही गंगा प्रसाद पुत्र भीम की गतिविधियों को ट्रेस करना शुरू किया। उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने से लेकर घटना के समय वह कहां था। इस बारे में पता किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे 11 नवंबर को चंपहा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष योगेश तिवारी के मुताबिक पकड़े गए गंगा प्रसाद से जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मृतका शीला से प्रेम करता था। कुछ माह पहले शीला का झुकाव किसी दूसरे युवक की ओर हो गया था। इस पर वह गंगा से नहीं मिला करती थी। छह नवंबर को उसकी मां सरोजनी देवी अपनी बेटी की ससुराल चली गई तो गंगा प्रसाद रात को शीला से मिलने पहुंचा। गंगा ने दुष्कर्म का प्रयास किया तो शीला ने विरोध करते हुए शोर मचाया। इस पर मुंह दबाकर गंगा ने उसके सीने में गोली मार दी। इस बीच उसका भाई राजेंद्र आ गया। अपने आपको फंसता देख गंगा ने उसे भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर एक स्कूल के पीछे से तमंचा व कारतूस बरामद कर लिया। साथ ही गंगा प्रसाद की खून से सनी टी-शर्ट भी कब्जे में लिया है।