ेडेढ़ किलोमीटर के फासले पर मिले दो लोगों के शव
कोखराज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक किनारे दो लोगों के शव मिले। महज डेढ़ किमी की दूरी पर मिले शवों के सिर पर भी एक जैसे निशान होने के कारण प्रत्यक्षदर्शी हत्या का भी कयास लगा रहे हैं।
कौशांबी : कोखराज थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक किनारे दो लोगों के शव मिले। महज डेढ़ किमी की दूरी पर मिले शवों के सिर पर भी एक जैसे निशान होने के कारण प्रत्यक्षदर्शी हत्या का भी कयास लगा रहे हैं। मृतकों के परिवार वालों ने अब तक किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इलाके के रोही गांव के कुछ लोग सुबह रेलवे लाइन की ओर गए थे। इस बीच लोगों ने देखा कि अप लाइन पर पटरी किनारे 20 वर्षीय एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी है। खबर फैली तो घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक का क्षतविक्षत हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के हाथ में उसका नाम अमित कुमार निवासी इमली गांव लिखा मिला। इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने सराय अकिल पुलिस की मदद से परिवार वालों को बुलवाया गया। परिवार के लोगों ने बताया कि अमित गुरुवार शाम अपनी बहन के यहां चरवा गया था। इसके बाद उसकी मौत कैसे हुई, यह रहस्य बना है।
वहीं दूसरी ओर डेढ़ किमी दूर डाउन लाइन पर 52 वर्षीय व्यक्ति की लाश पड़ी मिली। जलालपुर बोरियो गांव के लोगों ने देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस व्यक्ति के भी सिर पर वैसे ही गहरे जख्म मिले जैसे रोही गांव के पास मिले अमित के शव पर थे। फर्क सिर्फ अप व डाउन लाइन के अलावा डेढ़ किमी दूरी का है। इस मामले में पुलिस ने शव की शिनाख्त बच्चालाल निवासी मलिकपुर महेवा कोखराज के रूप में कराते हुए परिवार वालों को जानकारी दी। रोते-बिलखते स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे। वह इतना ही बता सके कि बच्चालाल गुरुवार की शाम एक लड़के के साथ निमंत्रण जाने की बात कहकर निकले थे। लड़का कौन था, कहां निमंत्रण जाना था, यह परिवार वालों को नहीं पता। दोनों घटनाओं के संबंध में सीओ चायल रामवीर सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत ट्रेन हादसे की लग रही है। परिवार के लोगों ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।