बाइक सवार बदमाशों ने प्रधानपति से की लूटपाट
चरवा थाना क्षेत्र के जानकीपुर गांव में गुरुवार की देर शाम प्रयागराज जा रहे प्रधानपति को बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह रोकने के बाद नगदी और मोबाइल लूट लिया।
कौशांबी: चरवा थाना क्षेत्र के जानकीपुर गांव में गुरुवार की देर शाम प्रयागराज जा रहे प्रधानपति को बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह रोकने के बाद नगदी और मोबाइल लूट लिया। प्रधानपति की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दूसरे रोज भी लुटेरे पकड़े नहीं जा सके।
नींबी शाना निवासी रामविशाल पासवान की पत्नी अनीता देवी ग्राम प्रधान हैं। उनका परिवार प्रयागराज की प्रीतम नगर कॉलोनी में रहता है। रामविशाल ने बताया कि वह गुरुवार की शाम बाइक से प्रयागराज में घर जा रहे थे। जानकीपुर गांव के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब से जबरन 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिया। रामविशाल के शोर मचाने पर दोनों बदमाश उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। चरवा इंस्पेक्टर संत शरण सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। लुटेरों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
चरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता बैंक शाखा से पैसे निकालने के लिए घर से निकलने के बाद लापता हो गई। आरोप है कि दूसरे व्यक्ति ने उसका अपहरण कर लिया। गहने-पैसे भी गायब हैं। पति की शिकायत पर जांच हो रही है।
उधर, चरवा इलाके का का एक व्यक्ति अपनी चचेरी बहन का इलाज कराने के लिए गुरुवार को प्रयागराज गया था। दोपहर में फोनकर उसने अपनी पत्नी से कहा कि वह बैंक जाकर कुछ रुपये निकाल ले। घर से निकली महिला लापता हो गई। शाम को प्रयागराज से घर लौटे महिला के पति को उसके गायब होने के बारे में पता चला तो उसने खोजबीन की। इस दौरान पता चला कि एक व्यक्ति उसकी पत्नी को ले गया है। पति का आरोप है कि घर में रखे गहने व 50 हजार रुपये भी नदारद हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर संतशरण सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।