शराब, म्यूजिक और तेज रफ्तार ने ले ली जान
जासं, कौशांबी : सराय अकिल-कौशांबी मार्ग पर हुआ हादसा देख और सुन लोगों की रूह कांप गई। इस रोड पर शायद
जासं, कौशांबी : सराय अकिल-कौशांबी मार्ग पर हुआ हादसा देख और सुन लोगों की रूह कांप गई। इस रोड पर शायद यह पहला हादसा है। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और आसपास के कई गांव के लोग पहुंचे। वहां के हालात और घायलों के बयान के बाद हादसे के असली कारण का पता चला। घायलों ने बताया कि गाड़ी का चालक शराब पीए हुआ था। चित्तापुर से वह चला तो लगातार गाड़ी की गति तेज किए हुआ था। साथ ही गाड़ी का म्यूजिक भी तेज गति से बजा रहा था। चालक की लापरवाही से उसकी खुद की भी जान कई और अन्य को भी उसने सदा-सदा के लिए नींद में सुला दिया।
गोराजू निवासी गुलशन उर्फ छोटू पुत्र नग्गन बोलेरो चालक है। यह उसकी खुद की गाड़ी है। शनिवार को लवकुश की बरात लेकर गया था। बरात गए लोगों ने बताया कि गुलशन ने वहां पर रात में शराब पी थी। उसके बाद सुबह जब बरात लौटने को हुई तब भी उसने शराब पी ली थी। वह नशे में था, इसके बावजूद उसने गाड़ी चलाई। रविवार को उसके गांव में एक शादी थी। उसे उस शादी में भी शामिल होना था। इसलिए वह बारातियों से सुबह जल्दी चलने को कह रहा था। उसने कई बार दूल्हे से कहा कि कुछ बारातियों को भेज तो उनको वह बड़हरी में छोड़कर अपने घर चला जाय। ऐसे में विदाई से थोड़ी देर पहले उसे जाने को कह दिया गया है। उसकी गाड़ी में दूल्हे की रिश्तेदारी की चार लड़कियां, उसके फूका और दो बच्चे बैठ गए। इनको लेकर वह बरात से बड़हरी के लिए रवाना हुआ। गाड़ी में बैठी लड़कियों ने बताया कि चालक ने तेज आवाज में म्यूजिक बजाना शुरू कर दिया। उसको रोका भी लेकिन वह नहीं माना। बोला जल्दी घर पहुंचना है तो चुप रहो। साथ ही कहा कि वह अनुभवी है और फुल स्पीड में गाड़ी चला सकता है, देखो हवा में बातें करते हुए कैसे गाड़ी चलाता हूं। लड़कियां लगातार उसे गाड़ी धीमी करने के लिए कह रही थी लेकिन तब तक बोलेरो अनियंत्रित हो गई और फिर जो हुआ वह सबके के सामने हैं। इस हादसे में कई परिवारों को भारी चोट पहुंचाई।