80 साल पुरानी पाइप लाइन हो चुकी है जीर्णशीर्ण, लोग परेशान
संवाद सहयोगी कासगंज शहर के मुहल्ला मोहन की कई बस्तियों में पालिका दुर्गधयुक्त पेयजल की आपूर्ति कर रही है।
संवाद सहयोगी, कासगंज : शहर के मुहल्ला मोहन की कई बस्तियों में पालिका दुर्गधयुक्त पेयजल की आपूर्ति कर रही है। इसका कारण 80 साल पुरानी पाइप लाइन जीर्णशीर्ण होना है। लोगों की समस्या को दूर करने के लिए पालिका नई पीवीसी पाइप लाइन से कनेक्शन जोड़कर आपूर्ति देगी। यह कार्य तेजी से किया जा रहा है। हालांकि, जब तक उक्त लाइन से कनेक्शन जोड़ने का कार्य पूरा नहीं होता है तब तक क्षेत्र के लोगों को पुरानी पाइप लाइन से ही दुर्गध युक्त पानी की आपूर्ति मिलती रहेगी। ऐसे में उन्हें तब तक स्वच्छ पानी के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने होंगे।
शहर के मुहल्ला मोहन की बस्ती तेलियान चौक, गली नौबतराम, गली मुट्ठूलाल, गली छंगामल सहित कई बस्तियों में दुर्गधयुक्त पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोग परेशान हैं। दैनिक जारगण ने यहां के लोगों की समस्या को उठाया। इसके बाद अधिकारी दुर्गंधयुक्त एवं गंदा पानी आने का कारण तलाशने लगे। जल कल विभाग के जेई हर्षवर्धन ने बताया कि तेलियान चौक में खुदाई करने के बाद सामने आया है कि लगभग 30 मीटर की पाइप लाइन जो लगभग 80 साल पुरानी है। लोहे की होने के कारण वह जगह-जगह गल गई है। इसी कारण से पानी प्रदूषित हो रहा था। उन्होंने बताया कि अब पालिका नई लाइन में पुरानी लाइन के कनेक्शन परिवर्तित कर रही है। इससे लोगों को पालिका के शुद्ध पानी की आपूर्ति होगी। लोगों की समस्या थी। पालिका का जल कल विभाग कई दिन से प्रयास भी कर रहा था। अब लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा। टीम लगी हुई है।
- धर्मराज सिंह, ईओ कासगंज