किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गांव बढ़ौली का मामला है। शव आम के पेड़ पर लटका मिला। स्वजन ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया।
कासगंज, संवाद सहयोगी। थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव बढ़ौली में किशोर का शव गांव में ही आम के पेड़ पर लटका मिला है। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। स्वजनों ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
बढ़ौली निवासी श्रीकृष्ण का 14 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण बुधवार को सुबह 10 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वह घर पर नहीं लौटा तो पिता को चिता हुई और वह ग्रामीणों के साथ उसकी खोज में निकला। रात लगभग 8 बजे उसका शव गांव के ही अरविद के खेत में आम के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। जानकारी पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर दशरथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से उतारा और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजन और ग्रामीणों से पूछताछ भी की है। पोस्टमार्टम गृह पर मृतक के चाचा धर्मेंद्र का आरोप था कि लक्ष्मण की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया गया है।
घर का चिराग था लक्ष्मण
लक्ष्मण श्रीकृष्ण पर इकलौती संतान थी। पत्नी की लगभग सात वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार का इकलौता चिराग की मौत हो जाने से पिता व अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। किशोर की मौत से गांव में भी शोक का माहौल था। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। स्वजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दशरथ सिंह, इंस्पेक्टर थाना सिकंदरपुर वैश्य