लू के थपेड़ों से जन-जीवन अस्त-व्यस्त
जागरण संवाददाता कासगंज सूरज के तल्ख तेवर से बुधवार को जन-जीवन अस्तव्यस्त रहा। लू के थपेडो
जागरण संवाददाता, कासगंज : सूरज के तल्ख तेवर से बुधवार को जन-जीवन अस्तव्यस्त रहा। लू के थपेडों से लोग घरों में कैद होकर रह गए। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। तापमान बढ़कर अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा।
तापमान बढ़ जाने से बदन झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख थे। दोपहर 11 बजे के बाद तो आसमान से आग के गोले बरसने लगे। गर्म हवाओं के साथ लू के थपेड़ों से राह निकलना मुश्किल हो गया। जन-जीवन अस्तव्यस्त रहा। धूप की तेजी के कारण लोग घरों में कैद हो गए और गर्मी से निजात पाने के लिए एसी, कूलर का सहारा लिया। दोपहर 12 बजे से बाजारों में सन्नाटा पसर गया। दुकानदार हाथ पर हाथ रखे ग्राहकों का इंतजार करते देखे गए। बाजार निकले लोगों ने धूप से बचने के लिए छाते का प्रयोग किया। युवाओं ने नहरों और माइनरों और बंबों में जा कर बहते पानी में स्नानकर गर्मी से राहत पाई। मंगलवार को जहां तापमान अधिकमत 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस था। वहीं बुधवार को बढ़कर अधिकतम 37 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है।