दोनों तरफ खुलेगा बाजार, लेफ्ट-राइट की पाबंदी हटी
अब कासगंज में भी दोनों तरफ का बाजार खुलेगा। लेफ्ट-राइट की पाबंद
कासगंज, जागरण संवाददाता : अब कासगंज में भी दोनों तरफ का बाजार खुलेगा। लेफ्ट-राइट की पाबंदी हट गई है। व्यापारियों द्वारा कई दिन से इसकी मांग की जा रही थी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से वार्ता कर उनकी इस मांग को पूरा कराया। जिलाध्यक्ष ने इसकी घोषणा की तो कुछ देर बाद प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया।
सप्ताह में पांच दिन बाजार खुलने के आदेश के बाद में व्यापारी परेशान थे। एक तरफ की दुकान दो ही दिन खुल पा रही थी। अन्य जिलों में दोनों तरफ के बाजार खोलने के आदेश होने के बाद यहां भी मांग तेजी से बढ़ रही थी। बीते दिनों उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दीपक गुप्ता सर्राफ ने भाजपा नेताओं से मिलकर व्यापारियों की मांग को प्रमुखता से रखा था। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने व्यापारियों की इस समस्या को समझते हुए प्रशासन से वार्ता की।
सोमवार को भाजपा कार्यालय पर बैठक बुलाई गई। इसमें सदर विधायक देंवेंद्र सिंह राजपूत, जिला महामंत्री राजवीर सिंह, व्यापारी नेता दीपक गुप्ता सराफ, सुरेश वाष्र्णेय, सतीश गुप्ता, जितेंद्र वाष्र्णेय ने व्यापारियों की समस्याओं को रखा। जिलाध्यक्ष केपी सिंह ने प्रशासन से वार्ता के बाद में कहा कि व्यापारी दोनों तरफ की दुकानें खोलें। इससे व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। बैठक में अनिल माहेश्वरी, योगेश चंद्र गौड़, अनिरुद्ध पल्तानी, कौशल साहू, अश्वनी चतुर्वेदी, संजय बौहरे, प्रदीप अग्रवाल, विपिन वाष्र्णेय आदि उपस्थित थे।
-----------
कंटेनमेंट जोन में बंद रहेंगी दुकानें :
वहीं प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कोरोना मरीज मिलने के चलते जिन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है, उनमें दुकानें बंद रहेंगी।