गंजडुंडवारा में सड़कों पर बंदरों का राज कायम
बंदर राह चलते लोगों से सामान झपट लेते हैं। जिससे लोगों को निकलना मुश्किल हो गया है।
कासगंज, संवाद सूत्र। गंजडुंडवारा कस्बा में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। सड़कों पर बंदरों का राज कायम होने से लोगों का राह निकलना दूभर है। राह चलते लोगों से सामान झपट कर ले जाते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाए जाने की मांग की है।
कस्बे का शायद ही कोई ऐसा मुहल्ला जहां बंदरों का राज न हो। सुबह और रात को बंदरों के झुंड नजर आते हैं। बंदरों के कारण लोग मार्गों से निकलने में डरते हैं। बच्चे और बूढ़े तो बंदरों का झुंड देकर वापस घर लौट जाते हैं। स्टेशन मार्ग सुबह टहलने आने वाले लोगों को के लिए यह बंदर परेशानी का सबब बने हुए हैं। लोगों का कहना है कि कस्बे में अभी तक बंदरों को पकड़वाने के लिए वन विभाग द्वारा कोई अभियान नहीं चलाया गया। यदि इनकी रोकथाम के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई तो कस्बे में लोगों का रहना दूभर हो जाएगा। उनका कहना है कि आए दिन बंदरों के कारण बच्चों के साथ अभिभावकों को जाना पड़ता है। यदि उनको अकेले भेजते हैं तो बंदरों के काटने का खतरा रहता है। बंदरों का इस तरह आतंक है कि सुबह और शाम सड़कों पर राज कायम कर लेते हैं। लोगों का राह निकलना दूभर होता है। मन में भय बना रहता है।
सोहन सिंह, गंजडुंडवारा
बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाया जाए। जिससे लोगों को बंदरों के आतंक से निजात मिल सके। जिला प्रशासन को बंदर पकड़वाने के लिए शीघ्र अभियान चलाना चाहिए।
सोनू शर्मा, गंजडुंडवारा