एक्सईएन के दफ्तर पर ताला, कर्मचारी भी नदारद
शासन की सख्ती और अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी कई विभागों म
कासगंज, जागरण संवाददाता: शासन की सख्ती और अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी कई विभागों में कर्मचारी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे। शुक्रवार को सिचाई विभाग के कार्यालय में डीएम को ताला लटका मिला। बाट-माप विभाग में भी कर्मी गैरहाजिर मिले। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार सुबह 10.20 बजे डीएम सीपी सिंह सिचाई विभाग के कार्यालय पहुंचे। अधिशासी अभियंता अरुण कुमार के कार्यालय में ताला था। कार्यालय परिसर में गंदगी थी। अवर सहायक अभियंता संजय कुमार, राहुल अग्रवाल, अशोक कुमार एवं जेई पंजाबी शर्मा, दिगंबर सिंह, सत्यवीर गैरहाजिर थे। इस पर डीएम नाराज हुए। इसके बाद डीएम बांट-माप विभाग के कार्यालय पर पहुंचे तो वह भी बंद था। दोनों कर्मचारी अनुपस्थित थे। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों को नोटिस देकर जबाव तलब किया है। साथ ही उन्होंने एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
लघु सिचाई में 11 दिन से नहीं आ रहे जेई
सीडीओ तेज प्रताप मिश्र ने शुक्रवार सुबह 10:40 बजे विकास भवन स्थित सहायक अभियंता लघु सिचाई कार्यालय का निरीक्षण किया। छह में से 4 कर्मचारी उपस्थित मिले। अवर अभियंता सुरेंद्र पाल सिंह एवं प्रेमपाल के 11 दिन से नहीं आने की जानकारी मिली। वेतन रोकते हुए दो दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है। लंबे वक्त से गैरहाजिर चल रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कृष्णकुमार और मोहित कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।