सिपाही की हत्या का मुख्य आरोपित हुआ एक लाख का इनामी
कासगंज संवाद सहयोगी सिपाही देवेंद्र कुमार की हत्या के मुख्य आरोपित पर इनाम की रकम पुलिस ने 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है।
कासगंज, संवाद सहयोगी: सिपाही देवेंद्र कुमार की हत्या के मुख्य आरोपित पर इनाम की रकम पुलिस ने 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। आरोपित के दो अन्य भाइयों पर भी पुलिस ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। देर शाम एडीजीपी ने इनाम की धनराशि बढ़ाने की घोषणा।
जिले के सिढपुरा क्षेत्र के ग्राम नगला धीमर में आरोपितों ने पुलिस टीम पर हमला बोलकर सिपाही देवेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी और दरोगा अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले के मुख्य आरोपित कच्ची शराब के माफिया मोती की लगातार पुलिस तलाश कर रही है। अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआइजी पीयूष मार्डियो की संस्तुति पर एसपी मनोज कुमार सोनकर ने मोती पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। शनिवार को शासन की संस्तुति पर एडीजी राजीव कृष्ण ने इस राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। मुख्य आरोपित मोती अब एक लाख का इनामी हो गया है। एसपी ने बताया कि मोती के फरार चल रहे भाई मोहर सिंह एवं मानपाल पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस इन आरोपितों की तलाश कर रही है। मुख्य आरोपित मोती पुलिस की पकड़ से बाहर
संवाद सूत्र, सिढ़पुरा : थाना क्षेत्र के गांव नगला धीमर में दारोगा को घायल कर पुलिसकर्मी की हत्या कर देने के मुख्य आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस घटना के 72 घंटे बाद भी खाली हाथ है। पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। मामले में पुलिस मुख्य आरोपित के सहयोगी और मां को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
नौ फरवरी को थाना सिढ़पुरा के गांव नगला धीमर में शराब माफिया ने थाने के दारोगा अशोक कुमार सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरक्षी देवेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने दो नामजद सहित आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। घटना के 12 घंटे के अंदर ही पुलिस ने मुख्य आरोपित के भाई एवं नामजद आरोपित एलकार को मुठभेड़ में मार गिराया था। गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपित मोती के दाहिना हाथ रहे नवाब सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से भाला और लाठी बरामद की थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपितों को घटना के लिए उकसाने, भाला और लाठी मुहैया कराने के आरोपित मोती की मां सियारानी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गंगा और काली नदी की खाक छान रही है। गैर जिलों में भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक मुख्य आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है और न ही पुलिस उसका सुराग लगा सकी है। घटना के 72 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है। जमानतियों को पूछताछ के लिए पुलिस ने लिया हिरासत में
मुख्य आरोपित मोती की तलाश में लगी पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जहां सूत्रों का जाल बिछाया गया है वहीं संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया गया कि पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया है वह मुख्य आरोपित के पूर्व के मुकदमों में जमानती रहे हैं। मुख्य आरोपित मोती की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक सफलता नहीं मिली है, लेकिन शीघ्र पुलिस के हाथ आरोपित के गिरेवान तक होंगे।
- मनोज कुमार सोनकर, एसपी