खाली प्लॉट बनेंगे खिताब में रोड़ा
कचरा प्रबंधन को लेकर इंतजाम नहीं, खाली प्लाट में फैंक रहे कूड़ा
कासगंज, संवाददाता। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की सफाई के साथ में कूड़ा प्रबंधन के भी नंबर मिलने हैं। केंद्र से आने वाली टीम शहर के लोगों से यह भी पूछ सकती है कि आपके क्षेत्र का कूड़ा कहां जाता है। कचरा प्रबंधन को लेकर पालिका के इंतजाम ही स्वच्छता सर्वेक्षण की दौड़ में पालिका को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन शहर के खाली प्लॉट इसमें बड़ा रोड़ा बन सकते हैं।
शहर के कई मुहल्लों में आबादी के बीच ही कूड़ा घर बने हुए हैं। खेरिया मुहल्ला में एक खाली प्लॉट में फेंका जाने वाला कूड़ा पूरे मुहल्ले की दशा बिगाड़ रहा है तो इसके साथ में वार्ड नंबर दो में भी कई प्लॉट हैं जो कचरे से भरे हुए हैं। ऐसे में सवाल यह खड़ा है स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम के समक्ष इन मुहल्लों के लोग कैसे बोल पाएंगे कि हमारे मुहल्ले का कूड़ा अब शहर से बाहर जाता है। खाली पड़े प्लॉट नगर पालिका के सभी इंतजामों पर पानी फेर सकते हैं। पालिका की टीम रोज सुबह शहर की गलियों से कूड़ा उठाने निकलती है। दोपहर तक गाड़ियां दौड़ती रहती हैं। सुबह सवेरे झाड़ू लगती है, लेकिन खाली प्लॉट में पड़ा हुआ कूड़ा पालिका की पूरी मेहनत पर पानी फेर सकता है।
आस-पास के लोग भी जिम्मेदार :
खाली प्लॉट को कूड़ाघर बनाने में आसपास रहने वाले भी कम जिम्मेदार नहीं हैं। इन लोगों के द्वारा ही इन प्लॉट में कूड़ा फेंका जाता है। जो प्लॉट की सूरत को बिगाड़ रहा है। पालिका की टीम निजी प्लॉट होने के कारण इनकी सफाई नहीं करती है।