सोरों में कोरोना के नियमों की उड़ रही धज्जियां
लाइव स्टोरी लहसुन की मंडी में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। बाजार में बिना मास्क के लोग जुट रहे हैं।
कासगंज, संवाद सूत्र। कस्बा सोरों में लोग कोरोना संक्रमण को भूल गए हैं। बेखौफ नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लहसुन मंडी और बाजार में जुटने वाली भीड़ न तो शारीरिक दूरी का पालन कर रही और न ही मास्क का उपयोग। दुकानों पर सैनिटाइजर दिखाई नहीं दे रहा है।
कस्बा के कछला रोड पर ब्लॉक के सामने लहसुन की मंडी लगती है। सैकड़ों कारोबारी दूरदराज और आसपास के गांवों से लहसुन की खरीद फरोख्त करने पहुंचते हैं, लेकिन इनमें कोरोना संक्रमण का कोई भय दिखाई नहीं देता है। मंडी में कारोबारी एक साथ भीड़ लगाए रहते हैं। इनके चेहरे पर मास्क भी नहीं होते हैं। शनिवार को सुबह 11 बजे भी मंडी यही स्थिति दिखाई दी।
कस्बा के मुख्य बाजार में सुबह 11 :30 बजे भीड़ तो अधिक नहीं थी, लेकिन जो भी बाजार में थे वह नियमों का पालन करते नहीं दिखाई दिए। बच्चे से लेकर बड़े बूढ़े तक किसी के भी चेहरे मास्क से नहीं ढके थे। एक या दो व्यक्ति के चेहरे गमछे से दिखाई दिए। दुकानों पर खरीदारी कर रहे लोग शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे, दुकानदार भी नियमों की धज्जियां उड़ा रहा था। वह न तो मास्क पहना था और उसकी दुकान पर सैनिटाइजर था।