आवास विकास में बदमाशों का धावा, लूट ले गए भैंस
-प्लॉट में बंधी थी भैंस, चीख-पुकार सुन जगे लोग, रात में पहुंची यूपी 1000
कासगंज, जागरण संवाददाता। सर्द रातों में बदमाशों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। शहर की प्रमुख आवास विकास कॉलोनी में शनिवार रात बदमाशों ने पशु पालक को बंधक बनाकर भैंस लूट ली। पशु पालक के साथ में जमकर मारपीट की। बदमाशों के जाने बाद घायल ने परिजनों को सूचना दी तो मुहल्ले में जगार हो गई। रात में यूपी 100 मौके पर पहुंची तथा पुलिस ने जांच पड़ताल की।
आवास विकास कॉलोनी निवासी रामेश्वर दयाल सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। घर से कुछ दूरी पर खाली प्लॉट में इन भैंसों को बांधते हैं। शनिवार रात को उनका बेटा विनय कुमार प्लॉट में ही चारपाई डालकर सो रहा था। रात डेढ़ बजे करीब बदमाश यहां पर पहुंचे। विनय की नींद खुली तो उसके साथ में मारपीट करना शुरू कर दिए। अन्य बदमाश भैंसों को खोलकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद विनय ने परिजनों को बताया। पड़ोस में रहने वाले एक सरकारी कर्मचारी ने सौ नंबर पर फोन किया तो यूपी 100 की गाड़ी यहां पहुंची। रामेश्वर ने थाने में तहरीर दी है।
'रजाई से मुंह बाहर मत निकालना..'
विनय बताता है जैसे ही उसकी आंख खोली दो बदमाशों ने पीटना शुरू कर दिया। बोले रजाई से मुंह बाहर मत निकालना। एक बदमाश ने तमंचा मुंह में रख दिया। अन्य बदमाश भैंसों को खोलने लगे। मारपीट से विनय के मुंह एवं शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है।
कुछ दिनों से नहीं लग रही है गश्त :
कॉलोनी में रहने वालों की मानें तो पहले पुलिस यहां पर गश्त करती थी, लेकिन चार-पांच दिन से रात में होने वाली पुलिस की गश्त भी कॉलोनी में नहीं लग रही।
दूर खड़ा था वाहन, एक भैंस छूटकर भागी : बदमाश किसी वाहन से आए थे। जिसे सड़क पर खड़ा कर रखा था। भैंसों को ले जाने के दौरान एक भैंस छूटकर पानी की तरफ चली गई। ऐसे में बदमाश इसे नहीं ले जा सके। वहीं विनय के शोर मचाने से लोग नहीं जग जाएं, लिहाजा दो बदमाश जब तक भैंस वाहन में नहीं चढ़ गई। तब तक यहीं खड़े रहे। इसके बाद बदमाशों ने कोई धमाका किया, तब विनय को छोड़ यह गाड़ी की तरफ भागे।