तापमान गिरने से बढ़ गई ठिठुरन और गलन भरी सर्दी
कासगंज संवाद सहयोगी सोमवार को सुबह मौसम साफ था लेकिन ठंड बरकरार थी।
कासगंज, संवाद सहयोगी : सोमवार को सुबह मौसम साफ था, लेकिन ठंड बरकरार थी। दोपहर को कुछ देर के लिए सूर्यदेव निकले, लेकिन अपना तेज नहीं बिखेर पाए। शाम होते ही ठंडी हवाएं चली तो मौसम में गलन बढ़ गई। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग अलावा सेकने बैठे। न तो अलाव और न ही सूर्य का तेज गलन भरी सर्दी से राहत दिला सका।
सुबह आसमान पर कोहरा नहीं था, मौसम साफ था। गलन भरी ठंड से लोग परेशान थे। आसमान देखकर लग रहा था कि धूप खिलेगी और ठिठुरन भरी सर्दी से राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोपहर के बाद सूर्यदेव निकले, लेकिन अपना तेज नहीं बिखेर सके। सारे दिन बादलों के साथ लुका-छिपी खेलते रहे। शाम चार बजे के बाद मौसम में और अधिक ठंड बढ़ गई। तापमान गिर जाने से ठिठुरन भरी सर्दी से लोग परेशान हो उठे। दोपहर दो बजे के बाद अलावा बंद हुए और चार बजे के बाद फिर जल उठे। अलाव भी ठंड से राहत नहीं दिला पा रहे हैं। बीते पांच दिनों से मौसम का असर बाजारों पर दिखाई दे रहा है। बाजारों में खरीदारों की कमी है। केवल ऊनी वस्त्र विक्रेताओं के यहां खरीदार नजर आते हैं।
यह रहा तापमान
- अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस बंद कमरे में न जलाए हीटर:
रसायन विज्ञान के प्रवक्ता राजेंद्र सिंह बताते है कि बंद कमरे में हीटर ब्लोअर जलाने से कमरे में आक्सीजन और नमी की कमी हो जाती है। जिससे सांस लेने में दिक्कत होती है। जहां तक हो वहां तक कमरा बंद कर हीटर और ब्लोअर न जलाए। कमरे की खिड़की या दरबाजा खोलकर रखे। वरना कार्बन मोनोआक्साइड काफी नुकसान पहुंचा सकती है।