भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद का किया घेराव
जासं, कासगंज: यातायात पुलिस पर वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं
जासं, कासगंज: यातायात पुलिस पर वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया और कलक्ट्रेट पहुंचे। क्षेत्रीय सांसद राजू भैया का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने टीएसआई को हटवाए जाने की मांग की।
मंगलवार को जिला अनुश्रवण समन्वय समिति की बैठक थी। सांसद राजू भैया को समिति में भाग लेना था। निर्धारित समय पर सांसद बैठक में भाग लेने कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां पहले से मौजूद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने सांसद का घेराव कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने यातायात पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यातायात पुलिस वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली कर रही है। उन्होंने यातायात प्रभारी जितेंद्र सक्सेना द्वारा वाहन चालकों से अवैध वसूली करने का आरोप मढ़ा। कार्यकर्ताओं ने सांसद से टीएसआई को हटवाए जाने की मांग की। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर डीपी सिंह लोधी, विद्यार्थी परिषद का विकास यादव नीलू ठाकुर, स्वदेश ठाकुर, कुलदीप प्रतिहार, अशोक ठाकुर, अनीस सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।