अंडा और मुर्गा की घट गई मांग, गिर गईं कीमतें
कासगंज संवाद सहयोगी बर्ड फ्लू के फैलने की खबर के बाद अंडा मुर्गा आदि की मांग में तेजी से गिरावट आई है।
कासगंज, संवाद सहयोगी: बर्ड फ्लू के फैलने की खबर के बाद अंडा, मुर्गा आदि की मांग में तेजी से गिरावट आई है। इसके साथ ही इनकी कीमतें भी कम हुई हैं। 25 फीसद तक कीमत कम होने से कारोबारी परेशान हैं। उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कोरोना संक्रमण के चलते लाक डाउन में भी अंडा व मुर्गा की मांग तेजी से घटी थी। उन दिनों भी इससे जुडे कारोबारियों को काफी नुकसान हुआ था। आनलाक में मांग बढ़ी तो मांस और अंडे का व्यापार गति पकड़ने लगा। बीते पांच दिनों से बर्ड फ्लू की खबरें मिलने के बाद इसकी मांग घट गई। बीते तीन दिनों में मांग में 50 फीसद तक की कमी आई है। भले ही जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का मामला सामने नहीं आया है, लेकिन लोग सतर्कता बरत रहे हैं। अंडे, मुर्गा, मांस की मांग कम होने से इनकी कीमतें भी गिरी हैं। 25 फीसद तक कीमत कम हुई हैं। इससे कारोबारियों को लाखों का नुकसान हुआ है। अंडे की क्रेट का शुक्रवार को थोक बाजार में मूल्य 136 रुपये था। एक गाड़ी का आर्डर लगा दिया था शनिवार को कीमत घटकर मात्र 102 रुपये प्रति क्रेट रह गई। एक छोटी गाड़ी पर 50 हजार से अधिक का नुकशान हुआ है।
- विक्की, अंडा कारोबारी बुधवार तक मुर्गा 115 रुपये किलो बिक रहा था शनिवार की इसकी कीमत 75 से 80 रूपये किलो की रह गई हैं। मांग में भी 50 फीसद तक की कमी आई है।
-रियासत अली, मुर्गा मीट कारोबारी बर्ड फ्लू वायरस है ये पालतू मुर्गियों में आसानी से फैल जाता है। संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने वाले जानवर और इंसान भी इस वायरस से संक्रमित हो सकते है। इससे बचाव के लिए पक्षियों के संपर्क में आने से बचें। जहां तक संभव हो मांस और अंडे को खाने से बचे।
- डा. सीएल यादव, फिजिशियन