देवी मंदिरों में गूंज रहे घंटे-घड़ियाल
नवरात्र में मां के पांचवें स्वरूप की घर-घर पूजा हुई। मंदिरों में स्कंद माता का जल अभिषेक किया गया।
कासगंज,संवाद सहयोगी। बुधवार को शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन माता के पांचवें स्वरूप स्कंद माता की पूजा की गई। संतान उत्पत्ति का आशीर्वाद देने वाली माता की पूजा के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी। माता का जलाभिषेक कर परिवार के कल्याण की कामना की गई।
सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देवी मंदिरों में शुरू हो गया। हाथों में जल का कलश और पूजा की थाली लिए महिलाओं के समूह माता की जय-जयकार करते दरबार की ओर बढ़ रहीं थीं। श्रद्धालुओं ने स्कंद माता को जलाभिषेक किया, फल, मिष्ठान, सुहाग सामग्री अर्पण की और चुनरी उड़ाई। मंदिर परिसर में लगीं प्रसाद की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शहर के पथवारी मंदिर, काली मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, होलिका मंदिर पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने जगत जननी की पूजा की। अमांपुर के नगर माता मंदिर, सहावर में गमा देवी मंदिर, पटियाली में पटलावती माता मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शहर के चामुंडा मंदिर पर शाम को महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में माता के भक्त मौजूद रहे।